


अलवर जिले के भिवाड़ी में गांव हमीराका गांव में दलित समाज के मंदिर में तोड़फोड़, मारपीट और अन्नकूट का प्रसाद फेंकने से विवाद हो गया। माैके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक संदीप यादव से धक्का-मुक्की और गाली गलौच की गई।
26 अक्टूबर को शिव मंदिर में दलित समाज के युवक भगवान गोवर्धन का प्रसाद बना रहे थे। इस दौरान एक पक्ष के 6 लोग वहां आए और प्रसाद को उठाकर फेंक दिया। साथ ही मंदिर में पूजा करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं के लिए भी अभद्र टिप्पणियां कीं। मामले में हमीराका गांव के रहने वाले रविंद्र कुमार ने एक मेजर नाम के माध्यम से थाने में दी। आरोप है कि थाना अधिकारी ने न तो रिपोर्ट दर्ज की और न आरोपियों को गिरफ्तार किया। भाजपा के कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और 27 अक्टूबर को दोपहर में भिवाड़ी नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन संदीप दायमा, पूर्व विधायक मामन सिंह यादव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अभय सिंह बिधूड़ी, प्रधान जयप्रकाश यादव सहित सैकड़ों की संख्या में भा जा पाकार्यकर्ता शेखपुर थाने पर पहुंचे और घेराव कर लिया। साथ ही आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। एसपी शांतनु कुमार ने आधा दर्जन से ज्यादा थाना अधिकारियों को शेखपुर भेज दिया। शेखपुर थाना पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एफआईआर भी दर्ज कर ली। मौके पर पहुंचे एएसपी विपिन शर्मा ने बचे आरोपियों को 24 घंटे में गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। तिजारा कांग्रेस विधायक संदीप यादव भी पहुंच गए। मौके पर ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक पर आरोपी पक्ष का बचाव करने और धार्मिक उन्माद फैलाने के आरोप लगा दिए। इस पर विधायक समर्थक और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। मामला बिगड़ता देख डीएसपी प्रेम बहादुर, थानाधिकारी दारा सिंह ने बीच-बचाव करवाया। करीब 20 से 25 मिनट तक माहौल काफी गर्म रहा।