


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने 27 अक्टूबर को मुलाकात के बाद अब प्रदेश के लंबित मामला शीघ्र निपटाने की चर्चा फिर जोरों पर शुरू हो गई है। खड़गे के अध्यक्ष का चार्ज संभालने के बाद पायलट ने पहली बार उनसे मुलाकात से नए राजनीतिक समीकरण उभर कर सामने आने की संभावना बन रही हैं।
पायलट ने अपनी मुलाकात के दौरान प्रदेश के जातिगत समीकरण और पार्टी की मौजूदा स्थिति के बारे में विस्तार से चर्चा की।उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनीतिक नियुक्तियों में किस प्रकार से इन लोगों को लाया गया है आम कार्यकर्ताओं की अनदेखी हुई है। अब यह संभावना बन रही है कि बगावत करने वाले संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल, सरकारी मुख्य सचेतक और जलदाय मंत्री डॉ महेश जोशी और राजस्थान पर्यटक विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौर का निर्णय भी शीघ्र होने की संभावना भी बन रही है। प्रदेश संगठन और सत्ता के फैसले को लेकर भी अब चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री के निर्णय को लेकर विधायक दल की बैठक फेल होने की चर्चा भी शुरू हो गई है इसमें एक लाइन का प्रस्ताव पारित किए जाने का जो वादा हुआ था उसे पूरा किए जाने की संभावना बन रही है।
पायलट हिमाचल प्रदेश स्क्रीनिंग कमेटी के मेंबर भी हैं। ऐसे में पायलट ने खड़गे को हिमाचल के चुनावी हालात पर भी फीडबैक दिया है। पायलट को विधानसभा चुनावों में स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी दे रखी है, साथ ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की कमेटी में भी पायलट मेंबर हैं। खड़गे से इन सब मुद्दों पर भी बात हुई है।
खड़गे के चार्ज संभालते ही 26 अक्टूबर को सभी राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने इस्तीफे दे दिए हैं। अब खड़गे अगले महीने तक सीडब्ल्यूसी और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी संगठन में नियुक्तियां करेंगे। संगठन की नियुक्तियों करने के बाद राजस्थान की बारी आएगी। सीएम गहलोत और पायलट गुट के कार्यकर्ताओं नेताओं के बीच चल रहे विवाद को निपटाने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। प्रदेश में संगठन और सत्ता में खाली पड़े हुए पदों को 20 नवंबर से पहले भरे जाने की संभावना बन रही है।
गुजरात चुनाव में सीएम गहलोत के साथ ही पायलट को भी सक्रिय करने की भूमिका तैयार की गई है। इसी के तहत पायलट 31 अक्टूबर को सुबह साढ़े 10 बजे खेड़ा जिले के फागवेल में सभा करने के साथ परिवर्तन संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना देंगे। इसके बाद साढ़े 11 बजे राजकोट के वीरपुर में स्वागत कार्यक्रम में शामिल होंगे। पायलट सवा 12 बजे महिसागर जिले लुनावाड़ा, सवा 2 बजे संतरामपुर में और सवा 4 बजे दाहोद में सभा करेंगे।