


मेवात क्षेत्रीय विकास मण्डल के अध्यक्ष जुबैर खान ने कहा है कि मेवात क्षेत्र में मण्डल के माध्यम से प्राथमिकताएं तय कर अधिकाधिक ऎसे काम हाथ में लिए जाएंगे जिससे क्षेत्र में शिक्षा को बढावा मिले, सड़काें के माध्यम से कनेक्टिविटी में सुधार आए और श्मशान एवं कब्रिस्तान जैसी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
मेवात क्षेत्रीय विकास मण्डल के अध्यक्ष खान ने गुरूवार को सचिवालय में मेवात क्षेत्रीय विकास मण्डल की बैठक के दौरान अधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्यों की स्वीकृति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा की अत्यधिक आवश्कता है। राज्य सरकार ने नए स्कूल खोलने और उन्हें क्रमोन्नत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है लेकिन अब उनमें आधारभूत सुविधाओं के लिए कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
मेवात क्षेत्रीय विकास मण्डल के अध्यक्ष जुबैर खान ने कहा है कि बोर्ड भी ऎसे कार्य हाथ में लेकर स्कूलों के विकास के लिए काम करेगा। साथ ही ऎसे गांव या क्षेत्र जो किसी बाधा के कारण अन्य क्षेत्रों से कटे हुए हैं, उनकी कनेक्टिविटी के कार्य भी चरणबद्ध रूप से स्वीकृत किए जाएं। श्मशान की चारदीवारी, टीनशेड निर्माण और कब्रिस्तान की चारदीवारी के कार्य भी योजना में लिए जाएंगे। साथ ही क्षेत्र के ऎसे काम भी हाथ में लिए जाएंगे जो राज्य सरकार की अन्य योजनाओं में शामिल नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि बोर्ड के माध्यम से गोशालाओं का भी विकास किया जा रहा है। इसमें एक गोशाला अलवर जिले में एवं एक अन्य भरतपुर जिले में विकसित की जा रही है। इसी प्रकार हाट बाजार विकसित किए जाने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे क्षेत्र के स्थानीय हस्तशिल्पियों एवं कारीगरों को एक मंच उपलब्ध हो सकेगा एवं मेवात क्षेत्र की गंगा-जमुनी संस्कृति को बढावा मिलेगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने भी मेवात क्षेत्र को शिक्षा में समृद्ध बनाना सबसे बड़ी प्राथमिकता बताया, उन्होंने बताया कि गुरूवार की बैठक में अनुमोदित कार्ययोजना में शिक्षा की प्रथम प्राथमिकता रखी गई है ताकि क्षेत्र और आगे वाली पीढी को शिक्षा में समृद्ध बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि योजना के अन्तर्गत अलवर एवं भरतपुर जिलों में 25 करोड़ की राशि विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च की जाती है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग एवं प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की मंत्री श्रीमती जाहिदा खान ने भी बैठक में अपने क्षेत्र के विकास कार्यों एवं शिक्षा एवं कनेक्टिविटी की आवश्यकता के सम्बन्ध में बात रखी। अलवर के रामगढ से विधायक श्रीमती सफिया जुबेर खान ने भी क्षेत्र के सम्बन्ध में अपनी मांग रखी।
विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती अपर्णा अरोरा ने अधिकारियों से कहा कि बोर्ड से सम्बन्धित पूर्व वर्षाें के अप्रारम्भ कार्याें का निरस्तीकरण, राशि के समयोजन एवं अपूर्ण कार्याें की जल्द पूर्णता सुनिश्चित करें। ग्रामीण विकास विभाग की शासन सचिव श्रीमती मंजू राजपाल ने कहा कि जल्द ही भरतपुर में संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में बोर्ड द्वारा स्वीकृत कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
बैठक में वीडियो कांर्फे्रसिंग के माध्यम से अलवर एवं भरतपुर जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं सचिवालय सभागार में ग्रामीण विकास विभाग, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा एवं अन्य हितधारक विभागों के अधिकारी शामिल हुए।