


ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री रमेश चन्द मीना ने गुरूवार को उड़ीसा में भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन कर प्रदेश की सुख शांति और समृद्धि की कामना की और वहां ग्रास रूट पर जारी ग्रामीण आजीविका विकास के कार्यों की जानकारी ली।
मीना ने अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान गुरूवार को उड़ीसा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया और वहां ग्रामीण आजीविका के विकास के लिए किए जा रहे नवाचारों के संबंध में विशेष चर्चा की। इस दौरान उड़ीसा की आजीविका विकास परिषद से जुड़े स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने उनके नए-नए व्यवसायों के सम्बन्ध में पंचायत राज मंत्री मीना को जानकारी दी। इसी प्रकार ग्रामीण विकास मंत्री मीना ने भी राजस्थान में राजीविका के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे व्यवसाय एवं नवाचारों के अनुभव उनके साथ साझा किए।
उन्होने स्वयं सहातया समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित एक कैफे में भोजन किया और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इससे पूर्व उड़ीसा में जगन्नाथ पुरी पहुंचने पर स्थानीय निवासियों की ओर से ग्रामीण विकास मंत्री मीना का परंपरागत तरीके से स्वागत और अभिनंदन किया गया।