


पीलवा थाना क्षेत्र के पीह गांव में 21 अक्टूबर की सुबह जमीनी विवाद को लेकर बदमाशों द्वारा फायरिंग, मारपीट और घर में तोड़फोड़ करने की घटना में जिले की थाना पीलवा, परबतसर, चितावा तथा क्यूआरटी टीम ने संयुक्त रूप से त्वरित कार्रवाई कर मूलतः गुड़गांव हरियाणा हाल रोहिताश सिंह कृषि फार्म गांव पीह निवासी आरोपी रोहिताश सिंह जाट को परबतसर से गिरफ्तार किया है, आरोपी रिटायर्ड आईएएस है।
नागौर एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि 21 अक्टूबर की सुबह पीलवा थाना क्षेत्र के पीह गांव में 10-12 बदमाश सतवीर सिंह के घर में घुसे। घर के व्यक्तियों से मारपीट व फायरिंग कर घर में तोड़फोड़ की गई। फायरिंग से घर की महिला के गोली लगने से तथा अन्य व्यक्ति मारपीट से घायल हो गये। तुरंत अजमेर के जेएलएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जेएलएन अस्पताल में भर्ती पीड़ित बिजेंद्र ने आरोपियों द्वारा जमीनी विवाद को लेकर परिवार के ऊपर फायरिंग और मां को गोली मारने की रिपोर्ट दी। जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया।
एसपी जोशी ने बताया कि सूचना मिलते हीतत्काल अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गणेशाराम सीओ मकराना रविराज सिंह, एसएसओ पीलवा सूरजमल, एसएचओ परबतसर सुभाष पूनिया, एसएचओ चितावा हरिराम मय टीम एवं क्यूआरटी के साथ पहुंचे। जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
फील्ड इंटेलिजेंस, तकनीकी अनुसंधान तथा आसूचना संकलन के आधार पर उक्त टीम द्वारा आरोपियों की पहचान की गई। उसके बाद नामजद आरोपी रिटायर्ड आईएएस रोहिताश सिंह जाट को दस्तयाब किया गया। जिसने पूछताछ में जमीनी विवाद को लेकर पीह गांव में अपने फार्म हाउस पर घटना की योजना बनाना तथा घटना के रोज राहुल वाल्मीकि समेत 10 12 व्यक्तियों के द्वारा सतवीर सिंह के घर में घुस मारपीट, तोड़फोड़ व फायरिंग करवाना स्वीकार किया है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में एसएचओ पीलवा सूरजमल का विशेष योगदान रहा।