


उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि ब्रह्माकुमारीज संस्थान जो कर रही है, वो आज की आवश्यकता है। दुनिया भारत का करिश्मा मान रही है। भारत का नागरिक होना अपने आप में गर्व और शान की बात है। उन्होंने कहा कि मीडिया भारत के नवनिर्माण को सेलिब्रेट करें।
उप राष्ट्रपति धनखड़ ने मंगलवार को आबूरोड में दीपावली महोत्सव और ब्रह्माकुमारीज के 85वें वार्षिकोत्सव में भाग लिया। ब्रह्माकुमारीज के शांति वन में उप राष्ट्रपति धनखड़ और उनकी पत्नी सुदेश धनखड़ का साफा पहनाकर स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने 18 करोड़ परिवार को मुफ्त गैस कनेक्शन दिया। सोचते हुए भी डर लगता है, क्या इतना बड़ा काम हो सकता है। सच में भारत बदल रहा है। भारत दुनिया की 5 वीं बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। इस दशक के अंत में हम दुनिया की 3 बड़ी अर्थव्यवस्था में एक होंगे। भारत विश्व गुरु था। हमारी शैक्षिक संस्थाओं ने भारत को विश्व गुरु बनाया था। आज जो हो रहा है और जिस स्तर पर हो रहा है, उसमें कोई शंका नहीं है कि हम विश्व गुरु ना बनेंगे, हम जरूर बनेंगे। विश्व में हम शांति और अध्यात्म का संदेश देंगे।
उन्होंने कहा कि मैंने नेशनल शिक्षा नीति का अध्ययन किया। मुझे जानकर हैरानी हुई कि इस नीति ने भारत के सांस्कृतिक और विरासत को लाकर पटल पर रख दिया है। इस शिक्षा का महत्वपूर्ण पार्ट है अध्यात्म और धर्म। धर्म ही यूनिवर्सल है। इसकी शिक्षा बहुत जरुरी है। दुनिया में यह काम ब्रह्मकुमारीज संस्थान बखूबी कर रही है। उप राष्ट्रपति के संबोधन के बाद राष्ट्रगीत से कार्यक्रम का समापन किया गया।
इससे पहले मानपुर हवाई पट्टी पर मंत्री सुखराम विश्नोई, कलक्टर डॉ. भंवरलाल चौधरी, एसपी ममता गुप्ता, विधायक समाराम गरासिया, विधायक जगसीराम कोली, विधायक संयम लोढ़ा सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया, यहां से माउंट आबू के देलवाड़ा जैन मंदिर का भ्रमण करने के लिए रवाना हुए।