Saturday, 29 August 2026

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने ली बैठक, अलवर में अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्रकरणों की जीरो पेंडेन्सी होने पर जिला प्रशासन की सराहना की


राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने ली बैठक, अलवर में अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्रकरणों की जीरो पेंडेन्सी होने पर जिला प्रशासन की सराहना की

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह जसोल की अध्यक्षता में मंगलवार को अलवर जिले के कलक्टे्रट सभागार में सैनिक कल्याण से जुडे़ विषयों के संबंध में बैठक आयोजित हुई।

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों से जुडे प्रकरणों के समाधान करने के लिए संवेदनशीलता से कार्य कर रही है। उन्होंने अलवर जिले में जिला स्तर पर अनुकम्पात्मक नियुक्ति के प्रकरणों की जीरो पेंडेंसी होने पर जिला प्रशासन खास तौर पर जिला कलक्टर की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर सप्ताह विभागीय बैठक में सैनिकों के प्रकरणों को शामिल करने से उनके निस्तारण की गति बढी है। उन्होंने निर्देश दिये कि शहीदों के विद्यालयों एवं अन्य सरकारी संस्थानों के नामकरण के शेष प्रकरणों को शीघ्र निस्तारण करावे। उन्होंने अलवर व बहरोड जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र के सैनिकों से जुडे प्रकरणों का फोलोअप करे। 

अनुकम्पा नियुक्ति प्रमाण-पत्र सौंपे-

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने राज्य सरकार के नवीनतम सर्कुलर के तहत 4 अनुकम्पात्मक नियुक्ति प्रमाण पत्र दोनों जिला सैनिक कल्याण अधिकारियों को सौंपे। उन्होंने कहा कि जिला कलक्टर ने नागौर की भांति अलवर में भी अनुकम्पात्मक प्रकरणों की जीरो पेंडेंसी की है। अनुकम्पात्मक नियुक्ति तिजारा के ग्राम सहमतपुर निवासी शहीद पौत्र राकेश कुमार, मुण्डावर के ग्राम सानोली निवासी शहीद पौत्र धर्मेन्द्र कुमार, बहरोड के ग्राम गंडाला निवासी शहीद पौत्र इन्द्रमोहन यादव व अलवर के ग्राम सीरावास निवासी शहीद पौत्र कपिल गुर्जर को दी गई है। 

बीकानेर में लगेगा समाधान शिविर-

उन्होंने बताया कि सैनिकों के राज्य स्तर से संबंधित प्रकरणों के निस्तारण हेतु उप निवेश विभाग बीकानेर में जिलेवार शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों से पूर्व सभी जिलों में इस प्रकार के शिविर लगाए जाएंगे। 

सैनिक कल्याण विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर (से.नि.) वीरेन्द्र सिंह राठौर ने अवगत कराया कि 7 दिसम्बर को सशस्त्र झण्डा दिवस को समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। विभाग द्वारा एक माह पूर्व कार्यक्रम प्रारम्भ करेगा। अबकी बार सैनिकों के कल्याणार्थ रूपये दान डिजिटल भी किये जा सकेंगे एवं इसमें दिए गए रूपयों पर इंकम टैक्स मुक्त रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इसके लिए आमजन को प्रोत्साहित करे। 

अलवर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने अवगत कराया कि जिला प्रशासन सैनिकों से जुडे हर एक प्रकरण को संवेदनशीलता से निस्तारण हेतु तत्पर रहता है। हर सप्ताह विभागीय समीक्षा बैठक में विभाग के प्रकरणों का रिव्यू कर निस्तारित किये जा रहे हैं।


बैठक में राज्य स्तरीय कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री राम सहाय बाजिया, राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण बोर्ड के सदस्य कर्नल भंवर सिंह राठौर, एडीएम प्रथम उत्तम सिंह शेखावत, उपखण्ड अधिकारी अलवर प्यारेलाल सोठवाल, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी अलवर कर्नल शैलेन्द्र सिंह यादव, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी बहरोड कमांडर शिव राम वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। 

सैनिक कल्याण कार्यालय में पूर्व सैनिकों से किया संवाद-

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने भूतपूर्व सैनिकों से संवाद कर कहा कि राज्य सरकार सैनिकों से जुडे प्रकरणों में बहुत संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 1971 तक के युद्ध के सभी शहीद सैनिकों के आश्रितों को नियुक्ति देने का निर्णय किया है। इसके तहत आज अलवर में 4 अनुकम्पात्मक नियुक्ति पत्र जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि सैनिकों के हर प्रकरण का समाधान गंभीरता से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन सैनिकों के प्रकरणों के निस्तारण में संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है। उन्होंने भूतपूर्व सैनिकों से उनके प्रकरणों व सुझावों को लिया। इस दौरान बडी संख्या में भूतपूर्व सैनिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

बायो डायवर्सिटी पार्क में किया पौधारोपण-

राज्य स्तरीय सैनिक कल्याण सलाहकार समिति के अध्यक्ष जसोल ने बायो डायवर्सिटी पार्क में शहीदों की याद एवं पर्यावरण संरक्षण को बढावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण किया। उन्होंने आमजन से आग्रह किया है कि पर्यावरण संतुलन के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने आवश्यक है। इस दौरान जिला बीसूका के उपाध्यक्ष योगेश मिश्रा राजेश कृष्ण सिद्ध, के.के अग्रवाल व अन्य प्रबुद्ध व्यक्ति उपस्थित थे।




Previous
Next

Related Posts