Saturday, 29 August 2026

युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों को समर्पित होगा अगला बजट, 93 हजार विद्यार्थियों को दिए जाएंगे 3 साल के निःशुल्क डाटा के साथ टैबलेट्स: गहलोत


युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों को समर्पित होगा अगला बजट, 93 हजार  विद्यार्थियों को दिए जाएंगे 3 साल के निःशुल्क डाटा के साथ टैबलेट्स: गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों से प्रदेश के ग्रामीण अंचल में छुपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य किया जा रहा है। 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। इसी क्रम में पूर्व कार्यकाल में प्रतिभावान विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए गए थे। इस योजना को पुनः शुरू करते हुए 8 वीं, 10 वीं एवं 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने वाले 93 हजार विद्यार्थियों को इस वर्ष स्मार्ट टैबलेट्स दिए जाएंगे। इनमें 3 साल की निःशुल्क इंटरनेट कनेक्टीविटी भी उपलब्ध रहेगी । 




सीएम गहलोत रविवार को जयपुर के एसएमएस स्टेडियम में राज्य स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों के लिए पूरे प्रदेश में ध्यानचंद स्टेडियम का निर्माण कर रही है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए  विभिन्न जिलों में खेल अकादमी खोली जा रही है।

युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों को समर्पित होगा अगला बजट

सीएम गहलोत ने कहा कि आने वाला बजट युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों को समर्पित होगा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को आगामी बजट के लिए अपने सुझाव भेजने के लिए भी आमंत्रित किया।

अगले साल 26 जनवरी से आयोजित होंगे शहरी ओलंपिक खेल

सीएम गहलोत ने कहा कि ग्रामीण ओलंपिक खेलों की तर्ज पर शहरी ओलंपिक खेल भी शुरू होने जा रहे है। अगले साल 26 जनवरी सेे शहरी ओलंपिक खेलों का आयोजन किया जाएगा। 

सीएम गहलोत ने इस अवसर पर राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य को गौरवान्वित करने वाले खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। इन खिलाड़ियों में देवेन्द्र झांझड़िया, सुश्री अवनी लेखरा, सुंदर सिंह गुर्जर, कृष्णा नागर,  दीपक हुड्डा, मुकेश चौधरी, सुश्री कविता सिहाग, अभिनव शर्मा, सुश्री जान्हवी मेहरा, अनुज कुमार, सुश्री वर्षा जाखड़, शुभम गौरा, सुश्री नितिका बंसल, बलवंत सिंह, सुमित पूनियां और नीरज शामिल थे।

खेल मंत्री अशोक चांदना ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हर क्षेत्र में आमजन के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। खेल के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों की पूरे देश में चर्चा हो रही है। राजस्थान क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पूनियां ने कहा कि युवा पीढ़ी को खेल के मैदानों तक लाने में ग्रामीण ओलंपिक खेलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।     

 इस अवसर पर कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, आपदा प्रबंधन मंत्री गोविंद राम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी, मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा, महापौर जयपुर ग्रेटर श्रीमती शील धाभाई, आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत, राजस्थान क्रीडा परिषद के उपाध्यक्ष सतवीर चौधरी, विधायक विजयपाल मिर्धा, सुदर्शन सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

 

 



Previous
Next

Related Posts