


उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर पिकअप-कार की टक्कर में एलआईसी में रीजनल मैनेजर, उनकी पत्नी सहित तीन की मौत हो गई और पिता-पुत्र गंभीर घायल हो गए। हादसा उदयपुर जिले के परसाद गांव के पास बारां के भागला घाट पर रविवार दोपहर 3 बजे हुआ।
पुलिस ने बताया कि हादसा पिकअप के रॉन्ग साइड ओवरटेक करने से हुआ। दोनों ही गाड़ियों की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर से कार में आगे लेफ्ट साइड में बैठे 55 साल के हेमेश का हाथ कट गया। सिर और छाती में गंभीर चोट लगने से मौके पर दम तोड़ दिया। कार में पीछे बैठी उनकी पत्नीराजुल और भतीजे की पत्नी हीरल के सिर में चोट लगने से मौत हो गई। घटना में प्रमीत और उनका बेटा सुकेत घायल हो गया।
गुजरात के नड़ियाद में वल्लभनगर निवासी परिवार के लोग नाथद्वारा में आए थे। दर्शन के बाद रविवार को लौट रहे थे। इसी दौरान सिक्स लेन पर पीछे से लेफ्ट साइड में आई पिकअप ने ओवरटेक के दौरान अचानक टक्कर मार दी।
मौके पर पहुंचे लोगों ने कार सवार घायल प्रमीत और उसके बेटे सुकेत को परसाद अस्पताल पहुंचाया। पिकअप ड्राइवर को भी गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे उदयपुर के एमबी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया । हेमेश पटेल गुजरात में एलआईसी में रीजनल मैनेजर है। एक महीने के बाद बेटे की शादी है। उसी के कार्ड बांटने नाथद्वारा गए थे। फिर दर्शन कर लौट रहे थे। पोस्टमाॅर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए।