Saturday, 29 August 2026

बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद की मांग को लेकर भाजपा सोमवार को लक्ष्मणगढ़ में करेगी किसानों की हुंकार रैली : डॉ. चतुर्वेदी


बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद की मांग को लेकर भाजपा सोमवार को लक्ष्मणगढ़ में करेगी किसानों की हुंकार रैली :  डॉ. चतुर्वेदी

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अरूण चतुर्वेदी ने कहा है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार अपनी चौथी वर्षगाँठ मनाने की तैयारी कर रही है जबकि दूसरी तरफ राज्य के किसान अपनी बदहाली को लेकर पूरी तरह से परेशान है। राजस्थान सबसे अधिक बाजरे का उत्पादन करने वाला राज्य है ऐसे में बाजरे की खरीद समर्थन मूल्य पर हो इस विषय को लेकर किसान और किसानों ने लगातार सरकार से मांग की है। वे रविवार को सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती के कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।

डॉ.अरूण चतुर्वेदी  कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार ने अभी तक बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद की कोई घोषणा नहीं की है जबकि पड़ौसी राज्य हरियाणा सरकार ने 2350 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बाजरे की खरीद की घोषणा कर खरीद प्रारंभ भी कर दी है। लेकिन भाजपा और किसानों द्वारा बार-बार मांग करने के बावजूद राज्य की कांग्रेस सरकार ने बाजरे की समर्थन मूल्य पर खरीद की घोषणा नहीं की है।

डॉ.अरूण चतुर्वेदी  ने कहा कि इसी विषय को लेकर भाजपा 17 अक्टूबर सोमवार को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ कस्बे में किसानों की हुंकार रैली आयोजित करेगी। कहा कि यह रैली लक्ष्मणगढ़ के जिला स्टेडियम में सुबह 11.30 बजे आयोजित की जायेगी। रैली में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां सहित केंद्र व प्रदेश स्तरीय नेता भी आएंगे। कहा कि रैली में सीकर, चूरू व झुंझुनूं के किसान एकत्रित होकर गुंगी, बहरी और सत्ता के संघर्ष में उलझी हुई सरकार को जगाने और झकझोरने का काम करेंगे।

डॉ.अरूण चतुर्वेदी ने कहा कि हमारी एक मांग ओर है कि पिछले बेसमय की बरसात के कारण हाड़ौती और भरतपूर के किसानों की फसल को अतिवृष्टि के कारण जो नुकसान हुआ और बाजरे की फसल चौपट हो गई है उसकी तुरंत गिरदावरी और राहत की घोषणा राज्य की कांग्रेस सरकार करें ताकि राज्य का किसान इस संकट से ऊबर सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष व लक्ष्मणगढ़ विधायक गोविंद सिंह डोटासरा के क्षेत्र में रैली के माध्यम से सरकार को जगाने की कार्य करेंगे।

इस दौरान सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी पूर्व विधायक प्रेमसिंह बाजौर, रतनलाल जलधारी व बंशीधर बाजिया, जिला महामंत्री भंवरलाल वर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा, मीडिया प्रभारी जितेंद्र माथुर मौजूद रहे।



    Previous
    Next

    Related Posts