Saturday, 29 August 2026

बेल्लारी में राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला


बेल्लारी में राहुल गांधी ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला

राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा का कारवां लेकर शनिवार को कर्नाटक के बेल्लारी पहुंचे। बेल्लारी में उन्होंने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला, लेकिन उन्होंने दो स्थानों के नाम लिए, जिसने उनके भाषण को खास बना दिया। इनमें से एक नाम तो बेल्लारी का ही था और दूसरा नाम था चिकमंगलूर। भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा में आपको नफरत दिखाई नहीं देगी, यात्रा में आपको हिंसा नहीं मिलेगी।


उन्होंने कहा कि भीड़ में जब कोई गिर जाता है, जब किसी को चोट लगती है, यात्रा में शामिल सभी लोग उसकी मदद करते हैं। उससे यह सवाल नहीं किया जाता कि किस धर्म के हो, किस जाति के हो। उन्होंने कहा कि हम एक महीने से भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा में अलग-अलग धर्म के लोग, अलग-अलग जाति के लोग, बुजुर्ग, बच्चे, महिलाएं सब एकजुट होकर चल रहे हैं।



राहुल गांधी ने कहा कि हमने इस यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा का नाम दिया, क्योंकि हमें और करोड़ों लोगों को लगा कि बीजेपी और संघ की नफरत, हिंसा वाली विचारधारा देश को बांट रही है, देश को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि ये हिंदुस्तान पर एक प्रकार से आक्रमण है।


बेल्लारी में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल ने भाजपा, केंद्र और स्थानीय सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा देश को कमजोर कर रही है। साथ ही उन्होंने कर्नाटक सरकार को 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि यहां 40 फीसदी कमीशन देकर आप कोई भी काम करा सकते हैं। राहुल ने कहा कि यहां पर घूस देकर सरकारी नौकरी खरीदी जा सकती है। इसी दौरान राहुल ने बेल्लारी में मां और दादी की चुनावी जीत का आभार जताया।


Previous
Next

Related Posts