


ऋषि घाटी स्थित जगदीश मंदिर कमेटी से विवाद के चलते आत्मदाह करने वाले पुजारी की मौत के 20 घंटे बीतने के बाद भी अब तक परिवार ने पुजारी का शव नहीं लिया। इसके बाद ब्राह्मण और अग्रवाल समाज की देर शाम कोतवाली थाने में बैठक हुई। पुलिस प्रशासन ने दोनों समाज के बीच बातचीत कराई गई । इसमें ब्राह्मण और अग्रवाल समाज में एक मांग को लेकर सहमति बनी।
दोनों समाज के बीच में लिखित में समझौता किया गया कि भविष्य में पुजारी के पोते भरत को मंदिर में पूजा पाठ करने का अधिकार दिया जाएगा। इसलिए समझौते के बाद ब्राह्मण समाज पोस्टमाॅर्टम कराने की सहमति प्रदान की और धरना भी खत्म कर दिया गया। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी सुदामा शर्मा ने बताया कि उनकी मुख्य मांग थी कि पुजारी भरत को मंदिर में स्थाई रूप से रखा जाए। जिसे अग्रवाल समाज ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा- उनकी तीन मांग राज्य सरकार से हैं, जिसे लेकर सरकार के विप्र बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा और कांग्रेस के विधायक राकेश पारीक अजमेर आए हैं। उनसे चर्चा करके ही बता पाएंगे। शर्मा ने कहा कि पोस्टमाॅर्टम भी समाज की ओर से करवाया जा रहा है। हालांकि उन्होंने शव लेने के सवाल पर कहा कि संघर्ष समिति से चर्चा करने के बाद ही निर्णय लिया जाएगा। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी योगेंद्र आहूजा ने कहा कि धरना स्थगित किया है। जो आज चर्चा हुई है, वह सकारात्मक है। अभी सिर्फ पोस्टमाॅर्टम होगा। 3 मांग जो सरकार से हैं। उसके बारे में जिला प्रशासन से चर्चा करने के बाद शनिवार को शव लेने पर निर्णय किया जाएगा। ऋषि घाटी स्थित जगदीश मंदिर से जुड़ा है। यहां के पूर्व पुजारी गोविंद नारायण ने 11 अक्टूबर को खुद को आग लगा ली थी। इसमें वह 60 फीसदी तक झुलस गए थे। गुरुवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह पुजारी की मौत की जानकारी मिलते ही हॉस्पिटल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। घटनाक्रम को लेकर सुबह से ब्राह्मण समाज की महापंचायत बैठी। अजमेर के आगरा गेट स्थित सीपीडब्ल्यूडी के ऑफिस में प्रशासन ने ब्राह्मण और अग्रवाल समाज के बीच वार्ता करवाई। आधे घंटे तक दोनों समाज के बीच चर्चा हुई। बाद में सभी एक साथ बाहर निकले। पत्रकारों से बातचीत में अग्रवाल समाज के पूर्व अध्यक्ष शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया- यह पूरी घटना काफी दुखद है। इस संबंध में दोनों समाज के बीच वार्ता करवाई गई। दोनों समाज ने एक दूसरे की बात रखी है। वार्ता लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अग्रवाल समाज भी पंडित जी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। उन्होंने कहा कि शीघ्र कोई निर्णय हो जाएगा।