


हिमाचल प्रदेश के चुनाव घोषणा के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को जयपुर से कर्नाटक के बेल्लारी जाएंगे। सीएम गहलोत वहां पर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान आयोजित कांग्रेस की जनसभा में हिस्सा लेंगे। आखिर सीएम गहलोत को इस सभा में विशेष रुप से क्यों आमंत्रित किया गया है इसका खुलासा तो राहुल की मुलाकात के बाद ही संभव हो सकेगा !
सीएम गहलोत किसी तरह से अपने मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटे हैं यही कारण है कि उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मलिकार्जुन खरगे का चुनाव प्रचार मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए किया है। इस मसले को लेकर कांग्रेस के दूसरे प्रत्याशी शशि थरूर ने एतराज जताते हुए शिकायत भी चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से की है । उन्होंने अशोक गहलोत के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग भी की है । इस बीच उन्होंने राहुल से मुलाकात का कार्यक्रम बना लिया है। राहुल गांधी की मुलाकात निश्चित तौर पर सीएम गहलोत के राजनीतिक भविष्य के फैसले के बारे में मानी जा रही है। निर्णय चाहे कुछ भी हो लेकिन मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं। बेल्लारी से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी चुनाव लड़ चुकी हैं और उन्होंने भाजपा की सुषमा स्वराज को चुनाव हराया था। यह क्षेत्र कर्नाटक काग्रेंस अध्यक्ष डीके शिवकुमार का गृहनगर है। सीएम गहलोत शनिवार को जयपुर से विशेष विमान से नौ बजे रवाना होंगे। वे करीब 11 बजे वहां पहुंचेंगे। सीएम गहलोत की शनिवार को राहुल गांधी के साथ जयपुर में विधायक दल की बैठक में होना और उसके बाद विवाद के चलते आईसीसी के अध्यक्ष पद पर नामांकन नहीं करने की घटना के बाद सोनिया गांधी से माफी और अब तक मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़ने देने के विवाद के बाद शनिवार को सीएम गहलोत की पहली बार राहुल गांधी से मुलाकात होगी। सीएम गहलोत की यह मुलाकात निश्चित तौर पर राजनीतिक फैसले को लेकर भी है। सीएम गहलोत की यह कोशिश है कि वे किसी तरह से नाराज राहुल गांधी को मना ले। शनिवार के मुलाकात के बाद ही यह तय हो पाएगा कि राजस्थान में राजनीतिक तौर किसको ताकतवर बनाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पहले भी कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार को अशोक गहलोत के पास अपना संदेश लेकर भिजवाया था। उस पुरानी मुलाकात को लेकर ही गहलोत अपने राजनीतिक संकट को दूर कराने के लिए उनका समर्थन लेने की कोशिश में जुट गए हैं । यही कारण है कि सीएम गहलोत को विशेष रूप से बेल्लारी में आयोजित होने वाली भारत जोड़ो यात्रा के दौरानआम सभा में बुलाया गया है। राहुल गांधी इस सभा के बाद ही सीएम गहलोत से मुलाकात करेंगे।