


राजपाल कलराज मिश्र ने राजभवन में शुक्रवार को जस्टिस पंकज मिथल को हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस के रूप में शपथ दिलाई। जस्टिस मिथल राजस्थान हाईकोर्ट के 40 वें चीफ जस्टिस हैं। उन्होंने हिन्दी भाषा में पद की शपथ ग्रहण की। मुख्य सचिव उषा शर्मा ने जस्टिस मिथल को शपथ दिलवाने का आग्रह किया।
समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी,नेता प्रतिपक्ष गुलाब चन्द कटारिया,मंत्रिमंडल सदस्य, जनप्रतिनिधि, हाईकोर्ट जज, अधिकारी, एडवोकेट्स और जस्टिस मिथल के परिजन मौजूद रहे।
सितंबर 2022 के आखिरी सप्ताह में चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (सीजेआई) यूयू ललित की अध्यक्षता में हुई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की बैठक में जस्टिस पंकज मिथल का ट्रांसफर जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट से राजस्थान हाईकोर्ट में करने की सिफारिश की थी। इसके बाद केंद्रीय लॉ मिनिस्ट्री ने 11 अक्टूबर को जस्टिस पंकज मिथल का तबादला हाईकोर्ट करने का आदेश निकाला।
जस्टिस पंकज मिथल का जन्म 17 जून 1961 को हुआ था। इन्होंने साल 1982 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से कॉमर्स में स्नातक करने के बाद 1985 में चरण सिंह विश्वविद्यालय के मेरठ कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। वर्ष 1985 में उन्होंने उत्तरप्रदेश बार काउंसिल में एडवोकेट के रूप में खुद को रजिस्टर कराया और प्रैक्टिस शुरू की। एकवोकेट कोटे से 7 जुलाई 2006 को इलाहाबाद हाईकोर्ट में एडिशनल जज बने और 2 जुलाई 2008 को परमानेंट जज हो गए। 4 जनवरी 2021 को जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में चीफ जस्टिस पद की शपथ ली। इलाहाबाद हाईकोर्ट में जज के रूप में नियुक्त होने से पहले तक पंकज मिथल यूपी आवास विकास परिषद, लखनऊ और अंबेडकर यूनिवर्सिटी, आगरा में 1990 से फरवरी 2006 तक स्टैंडिंग काउंसिल रहे।