Saturday, 29 August 2026

मंत्रालयिक कर्मचारियों को सचिवालय के समान वेतन के लिए जन जाग्रति सभा अजमेर में संपन्न 11 नवंबर को जयपुर में होगी प्रदेश स्तरीय महारैली


मंत्रालयिक कर्मचारियों को सचिवालय के समान वेतन के लिए जन जाग्रति सभा अजमेर में संपन्न 11 नवंबर को जयपुर में होगी प्रदेश स्तरीय महारैली

राजस्थान राज्य मंत्रालयिक कर्मचारी संघर्ष समिति द्वारा सचिवालय के समान वेतनमान सहित अपने 9 सूत्री मांग पत्र के समर्थन में 11 नवंबर को जयपुर में एक प्रदेश स्तरीय महारैली का आयोजन किया जाएगा । इसके लिए राजस्थान के सभी जिलों के दौरों के अंतर्गत अजमेर में जिलाधीश कार्यालय के मीटिंग हॉल में एक सभा आयोजित की गई। 

संघर्ष समिति द्वारा गत वर्ष वेतन कटौती वापस करवाने और कैडर रिव्यू कर पदोन्नति के पदों की संख्या में वृद्धि करवाने में सफलता प्राप्त की गई थी परंतु कनिष्ठ सहायक का आरंभिक वेतन 25500, सहायक प्रशासनिक अधिकारी को ग्रेड पे 4200, संस्थापन अधिकारी से उपर एक नया पद उप निदेशक प्रशासन ग्रेड पे 8700 का सृजन करने, पूरे सेवाकाल में 3 एसीपी 9, 18, 27 वर्ष के स्थान पर चार एसीपी 8,16, 24, 32 करने, पदोन्नति के लिए अनुभव में पूर्ण शिथिलता देने तथा सेवा अवधि के आधार पर अनुभव में छूट देने  सहित 9 सूत्री मांगपत्र सरकार के समक्ष लंबित है। वेतनमान में अधीनस्थ मंत्रालयिक संवर्ग वर्ष 2013 से वर्ष 2021 के मध्य बिल्कुल दीन हीन हो गया था तथा अत्यन्त निराश था। वेतन काट लिया गया, पदोन्नति के पद काट दिए गए तथा मंत्रालयिक महासंघ इन मुद्दों पर चुप्पी साधे रहा। 

संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्य राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ द्वारा 31 दिन तक की गई भूख हड़ताल के अतिरिक्त किसी न इसका विरोध नहीं किया। संघर्ष समिति द्वारा 9 सितंबर 2021 को जयपुर में एक विशाल रैली का आयोजन कर तथा दीपावली पर शीर्ष पदाधिकारी द्वारा भूख हड़ताल का कार्यक्रम दिए जाने के पश्चात मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा संघर्ष समिति को बुलाकर वेतन कटौती तथा पदोन्नति के पदों की बहाली का आश्वासन दिया। 

संघर्ष समिति द्वारा मुख्यमंत्री सहित वितरण कार्मिक विभाग के प्रमुख शासन सचिवों के समक्ष मजबूती से अपना पक्ष रखा । फलस्वरूप सरकार द्वारा वेतन कटौती वापस ले ली गई और पदोन्नति के पदों में भी वृद्धि की गई। अतः मान सम्मान बहाली के लिए राज्य के मंत्रालयिक कर्मचारियों को संघर्ष समिति के बैनर तले एकजुट कर संगठित एकता की ताकत के साथ सरकार के समक्ष विसंगतियां दूर करवाना प्रमुख लक्ष्य है। अजमेर में आयोजित  कर्मचारियों की सभा को संघर्ष समिति के संयोजक मंडल सदस्य गजेंद्र सिंह राठौड़,  राजेश पारीक, महेंद्र सिंह धायल, देवेंद्र सिंह नरूका, छोटे लाल मीणा,नागेंद्र सिंह नाथावत, ओम प्रकाश चौधरी, अतुल भार्गव आदि कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया एवं 11 नवंबर की रैली में शामिल होने का संकल्प लिया।  इसके पश्चात जयपुर के विभागों में भी सभाएं  की जायेंगी।




Previous
Next

Related Posts