


दीपावली के मौके पर जयपुर के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बुधवार को नगर निगम ग्रेटर महापौर शील धाबाई के साथ बैठक कर सजावट में लगने वाले विज्ञापनों के शुल्क को माफ करने की मांग की। महापौर शील धाबाई और आयुक्त महेन्द्र सोनी ने व्यापारियों मांग को स्वीकार करते हुए घोषणा की कि दीपावली के मौके पर 7 दिन तक सामूहिक सजावट में लगने वाले विज्ञापनों का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और सबसे अच्छे सजावट वाले बाजार को निगम द्वारा पुरस्कृत भी किया जाएगा।
नगर निगम मुख्यालय में हुई इस बैठक में जयपुर व्यापार मंडल सहित अन्य व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी शामिल हुए। व्यापारियों ने बताया कि कोरोना संकट के चलते लगातार पिछले दो साल त्योहारों के दौरान भी बाजार से रौनक गायब रही। लेकिन इस बार ये पहला मौका है। जब लोग दीपावली पर खुलकर बाजारों में घूमने और खरीददारी करने निकल रहे है। इसे देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक दुकानों, शॉपिंग मॉल, कपड़े सहित शहर की ज्यादातर छोटी-बड़ी दुकानों को आकर्षक लाइटिंग और नए-नए उत्पादों से सजाया जाने का काम शुरू हो गया है। इन सजावट के दौरान कई होर्डिंग, बैनर-पोस्टर भी लगाए जा रहे है। इन बैनर-होर्डिंग के लिए जो विज्ञापन शुल्क नगर निगम वसूलता है उसमें छूट दी जाए।
महापौर शील धाबाई ने सभी व्यापारियों की सुझाव और समस्याएं सुनने के बाद बैठक में उक्त घोषणा की गई कि इस बार भी ग्रेटर नगर निगम व्यापारियों से 7 दिन तक विज्ञापन शुल्क के पेटे पैसा नहीं वसूलेगा। साथ ही अपने स्तर पर अच्छी सजावट करने वाले बाजारों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
आयुक्त महेन्द्र सोनी ने बताया कि व्यापारियों की कुछ समस्याएं थी, जिसके निस्तारण का आश्वासन दिया है। बाजारों में सफाई की विशेष व्यवस्था करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है, ताकि त्यौहार पर आने वाले लोगों को बाजार साफ और स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में नगर निगम के साथ-साथ व्यापारियों का सहयोग भी आवश्यक है।