


कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में मंगलवार शाम कॉन्स्टेबल की मौत हो गई। कॉन्स्टेबल सीकर से सालासर बाइक पर जा रहे थे। वहीं हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर चालक भाग गया। शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
हादसा सीकर के नेछवा इलाके में हुआ। जिसमें कॉन्स्टेबल गंगाधर चाहर की मौत हो गई। कॉन्स्टेबल बाइक से सालासर जा रहे थे। रास्ते में कोठ्यारी के पास सामने से आ रही स्विफ्ट गाड़ी से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। घटना के बाद स्विफ्ट गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। नेछवा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्विफ्ट गाड़ी को जब्त कर लिया। फिलहाल कॉन्स्टेबल का शव सीकर की एस के हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है। बुधवार को सुबह पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मृतक के दोस्त अशोक ने बताया कि कॉन्स्टेबल के पिता राम देवाराम भी पुलिस में थे। वह भी ऑन ड्यूटी ही खत्म हुए थे। गंगाधर उनकी जगह ही नौकरी लगा था। मृतक के एक तीन साल का बेटा है। करीब 1 महीने पहले ही सीकर के सदर थाने में ड्यूटी ज्वॉइन की। इससे पहले वह धोद थाने में तैनात थे।