भाजपा के प्रभारी अरुण सिंह प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेने के लिए मंगलवार को प्रातः 9:00 बजे एयरपोर्ट पर पहुंचे। जहां उनका भाजपा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा प्रभारी अरुण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जोधपुर जिले में सर कलम करने के नारे लग रहे हो और प्रशासन उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं करें। इसे ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा दे रही है।
उन्होंने कहा कि जोधपुर में पहले दंगा हुआ उसके बावजूद भी उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही नहीं की गई। यही कारण है कि जोधपुर जिले में फिर से इस तरह की गलत गतिविधियां पनप रही है । इस पर सरकार को अंकुश लगाए जाने की जरूरत है नहीं तो आने वाले समय में अराजकता की स्थिति बन जाएगी।
उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष है और भी प्रदेश में कहीं भी दौरे पर जा सकती हैं। उनके कार्यक्रम में भाजपा के कार्यकर्ता और नेता शामिल होते हैं उसमें क्या आपत्ति है। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता और नेता एकजुट होकर वर्ष 2023 का विधानसभा चुनाव लड़ेंगे और कांग्रेस की गहलोत सरकार को सत्ता से बाहर करेंगे।