


तीन तलाक के मुद्दे पर रानोली में रविवार को आयोजित भाजपा के थैंक यू मोदी कार्यक्रम में जमकर बवाल हो गया। कार्यक्रम में मुस्लिम महिलाओं के पहुंचने पर सैंकड़ो लोगों ने हंगामा कर दिया। कुर्सियां फेंकी और कार्यक्रम के पोस्टर फाड़ दिए। उनका आरोप था कि भाजपा नेताओं ने स्वरोजगार के लिए सिलाई मशीन बांटने के नाम पर मुस्लिम महिलाओं को धोखे से कार्यक्रम में बुलाया है।
भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री मधु कुमावत मौके पर पहुंची तो उनके खिलाफ भी आक्रोश जताया। सूचना पर रानोली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुमावत को सुरक्षा घेरे में बाहर निकाला। मामले में कुमावत ने घटनाक्रम को कांग्रेस की साजिश करार दिया है। प्रदर्शनकारियों पर कार्यक्रम में पहुंची महिलाओं व भाजपा कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए रानोली थाने में मुकदमा भी दर्ज करवाया है।
प्रदेश मंत्री मधु कुमावत रानोली थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि मैरिज गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में करीब 150 महिलायें पहुंची थी। तभी करीब 400 से 500 लोगों ने वहां पहुंचकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने महिलाओं व भाजपा कार्यकर्ताओं को जान से मारने की धमकी दी। उन पर खाली कुर्सियां भी फैंकी। रिपोर्ट में हमीद मौलवी, आसिफ, रोशन, नयुम, मुजफ्फर व इशाक को मुख्य आरोपी बनाया है।
प्रदेश मत्री भाजपा मधु कुमावत ने कहा कि स्वरोजगार के प्रशिक्षण कार्यक्रम के साथ ही भाजपा मुस्लिम महिलाओं के सशक्तीकरण के काम में जुटी है। इसी बीच तीन तलाक कानून के तीन साल पूरा होने पर थैंक यू मोदी कार्यक्रम का आयोजन रखा गया था। जिसमें विधायक की शह पर पहुंचे सैंकड़ों लोगों ने हंगामा करते हुए तीन कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेन्द्र राठौड़ थे। जो कार्यक्रम के लिए जयपुर से रवाना होने वाले थे। इसी बीच जब उन्हें विवाद के बारे में बताया तो उन्होंने ही फोन कर मौके पर पुलिस भेजी। जो उन्हें सुरक्षा घेरे में साथ लेकर वहां से निकली।
थैंक यू मोदी कार्यक्रम तीन तलाक कानून के तीन साल पूरा होने के उपलक्ष्य में था। कार्यक्रम का समय तीन बजे रखा गया था, जिसके लिए महिलाए एक बजे से ही मैरिज गार्डन पहुंचना शुरू हो गई थी। इसी दौरान सैंकड़ों लोग वहां पहुंच गए और महिलाओं को बरगलाकर कार्यक्रम में लाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया।