


आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा ने कहा कि पार्टी में हर उस आम आदमी के लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं, जो ईमानदार है। लेकिन भ्रष्टाचारी नेताओं के लिए आप पार्टी में जगह नहीं है।
रविवार को आम आदमी के प्रदेश कार्यालय पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मिश्रा ने कहा कि पार्टी की विचारधारा को आदर्श मानते हुए भारी संख्या बल में लोग सदस्य बन रहे हैं, क्योंकि प्रदेश के प्रत्येक राजस्थानी पर भाजपा और कांग्रेस सरकारों ने कर्जा लाद दिया है। जिससे हताश और निराश व्यक्ति राजस्थान में आम आदमी पार्टी की सरकार चाहता है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों गुजरात में भी आम आदमी पार्टी का बोलबाला सिर चढ़कर बोल रहा है। वर्तमान में राजस्थान में कई पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी के संपर्क में है। साथ ही यह भी कहा कि जो कांग्रेस अपना अध्यक्ष नहीं चुन सकती, वह सरकार कहां से चलाएगी।
मिश्रा ने इस दौरान वित्त क्षेत्र की विशेषज्ञ एवं जीएसटी की डिप्टी कमिश्नर डॉ. मीनाक्षी सेठी ज़ैदी, शिक्षाविद डॉ. संजय बियानी, नाहरगढ़ जैविक उद्यान के प्रणेता आरटीआई कार्यकर्ता राजेन्द्र तिवारी, समाजसेवी कुशाल तिवारी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।