


भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम वसुन्धरा राजे ने कहा है कि इस सरकार में एक कुर्सी छोड़ना नहीं चाहता तो दूसरा गुट कुर्सी हासिल करने के लिए अड़ा हुआ है। इन्हें जनता से कोई मतलब नहीं है। जनता जानती है कि उसके कुशासन भरे 4 साल कैसे निकले।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को प्रदेशवासियों ने सत्ता सौंपी थी,लेकिन उन्होंने जनता की नहीं सुनी। जनता के साथ विश्वासघात किया। जनता की नहीं कुर्सी की चिंता की। लेकिन अब समय आ रहा है हम सब मिलकर फिर से नया राजस्थान बनाएँगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करेंगे।
रविवार को देशनोक में राजे ने करणी माता,मुक़ाम में विश्नोई सम्प्रदाय के गुरु जम्भेश्वर भगवान और बीकानेर में गढ़ गणेश जी के दर्शन किए। करणीमाता दर्शन के दौरान उन्हें सफ़ेद चूहा भी दिखाई दिया।
पूर्व सीएम राजे ने कहा कि सीएम गहलोत झूँठे वादे करने में माहिर है, चुनाव में किया गया 10 दिन में किसानों की क़र्ज़ माफ़ी का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब जनता पछता रही है। पूर्व सीएम राजे ने कहा कि इंग्लिश मीडियम स्कूल खोल दिए पर उनमें हिंदी मीडियम के अध्यापक है।पिछले चार सालों में हमारे प्रदेश तरक़्क़ी रुक गई है। अब हम सब मिल कर फिर से प्रगति के पथ पर राजस्थान को आगे बढ़ायेंगे।देश का सिरमोर बनाएँगे।
राजे ने कहा कि मैंने हमेशा लोगों की सेवा करने का प्रयास किया।सबको गले से लगा कर आप सब के साथ चलने का प्रयास किया उन्होंने कहा कि क़रीब चार सालों से राजस्थान में अपराध,अन्याय और आतंक का जो वातावरण बन गया है उसको भगवान के आशीर्वाद से बदलेंगे। समय आ रहा है मिलकर नया राजस्थान बनाएँगे।उन्होंने कहा कि राजनीति में घृणा और नफ़रत नहीं प्रेम होना चाहिये।