Saturday, 29 August 2026

कांग्रेस सरकार के अंधविरोध में युवाओं के भविष्य का विरोध कर रही है भाजपा: गहलोत


कांग्रेस सरकार के अंधविरोध में युवाओं के भविष्य का विरोध कर रही है भाजपा:  गहलोत


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा किआज राजस्थान में करीब 11 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं। यह दिखाता है कि राजस्थान की ट्रेडिशनल छवि बदलकर अब इन्वेस्टमेंट फ्रेंडली डेस्टिनेशन की छवि बनी है। इसके साथ ही अलग-अलग बिजनेसमैन ने इन प्रस्तावों के इतर सोशल कमिटमेंट्स भी किए हैं। इन्वेस्ट राजस्थान से करीब 10 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर मिलने की संभावना है। 

सीएम गहलोत ने कहा कि इन्वेस्ट राजस्थान कार्यक्रम में सिर्फएम  एमओयू  और  एलओआई साइन ही नहीं हुए बल्कि करीब 40 प्रतिशत प्रोजेक्ट अगली स्टेज में पहुंच गए हैं। आज देश-दुनिया के बिजनेसमैन यहां आए और यहां मिले सम्मान से अभिभूत दिखे। 3000 से अधिक निवेशकों में सभी विचारधाराओं के व्यापारी शामिल थे, जो लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं उन्हें बताना चाहिए कि कई व्यापारी किसी पार्टी में शामिल हो जाते हैं तो क्या वो दूसरे राज्यों में निवेश नहीं करते ?

सीएम गहलोत  ने कहा कि राज्य में अभी तक का सबसे बड़ा निवेश आ रहा है परन्तु मुझे बड़ा अफसोस है कि भाजपा और मीडिया का एक तबका इस इवेंट की निगेटिव पब्लिसिटी में लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं इन्वेस्ट राजस्थान को लेकर की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में कह चुका हूं कि कांग्रेस पार्टी कभी उद्योगों के खिलाफ नहीं रही। 

सीएम गहलोत ने कहा कि देश में उदारीकरण कर उद्योगों के लिए सकारात्मक माहौल बनाने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि  हमारा विरोध किसी व्यक्ति विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई गई नीतियों या दूसरे का हक मारकर किसी को फायदा पहुंचाने से है।

सीएम गहलोत ने कहा  डॉ. मनमोहन सिंह  और श्रीमती सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली यूपीए  सरकार के समय भी हमने राइट आधारित कानून बनाए एवं आम आदमी को हक दिया। उन्होंने कहा कि मनरेगा,  आरटीआई ,  आरटीई, एनएफएसए जैसे कानून बनाए गए।  उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के 10 सालों में 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया. साथ ही, एमएसएमई छोटे से लेकर बड़े व्यापारियों तक को साथ लेकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया. 2006 में एमएसएमई एक्ट बनाने के बाद एमएसएमई मंत्रालय का गठन भी पहली बार यूपीए सरकार के दौरान किया, यही वजह थी कि जब देश में आर्थिक मंदी आई तब भी भारत में मंदी नहीं आई।

सीएम गहलोत ने कहा कि मुझे ये समझ नहीं आया कि भाजपा ने इस कार्यक्रम का विरोध क्यों किया। उन्होंने कहा कि भाजपा मेरा विरोध करिए, कांग्रेस का विरोध करिए पर राजस्थान के युवाओं के भविष्य के मौकों का विरोध क्यों कर रहे हैं क्या राजस्थान भाजपा हमारे इतने अंधविरोध में आ गई है कि वो प्रदेश के सुनहरे भविष्य के लिए हो रहे कामों का भी विरोध करेगी? उन्होंने कहा कि क्या भाजपा अब गहलोत का विरोध करते करते राजस्थान का ही विरोध करने पर उतारू हो गई है? स्वर्गीय पीएम राजीव गांधी के समय इन्होंने कम्प्यूटर का विरोध बैलगाड़ी से चलकर किया था आज पूरा प्रदेश देख रहा है कि जब राजस्थान में आने वाले निवेश और नौकरियों का विरोध कर भाजपा राजस्थान का अहित करने का प्रयास कर रही है।



    Previous
    Next

    Related Posts