


.jpg)
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया शुक्रवार को टोंक, बूंदी, कोटा, बारां, प्रतापगढ़ और चित्तौड़गढ़ के दौरे पर रवाना हुए जहां वे केन्द्र सरकार की योजना सुकन्या समृद्धि के तहत सैंकड़ों परिवारों से सीधा सम्पर्क स्थापित करेंगे। भाजपा ने सुकन्या समृद्धि योजना में पूरे प्रदेश में सवा लाख जरूरतमंद कन्याओं का खाता खुलवाने का संकल्प लिया।
टोंक में एक साथ करीब 10 हजार कन्याओं (बच्चियों) के सुकन्या समृद्धि योजना में पोस्ट ऑफिस में खाते खुलवाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी शुरुआत डॉ.पूनिया ने मौके पर ही 57 खाते खोल कर की। अब 5100 खाते क्षेत्रीय सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, 2500 खाते मालपुरा से विधायक कन्हैया लाल चौधरी और 2500 खाते जिला भाजपा की तरफ से खोले जाएंगे।
डॉ.पूनिया ने आगामी 24 अक्टूबर को अपना जन्मदिन भी जयपुर में इसी योजना के साथ मनाने की घोषणा भी की। प्रदेशभर में सवा लाख सुकन्या खाते खुलवाने का लक्ष्य रखा गया है।
भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि डॉ.पूनिया का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा प्रदेशवासियों को केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाना है, ताकि अगले चुनाव में राजस्थान की कांग्रेस सरकार की कमियों के खिलाफ और मोदी सरकार की योजनाओं के पक्ष में माहौल बनाया जा सके।
भाजपा इस बात को बहुत मजबूती से मानती है कि उसने 2018 में विधानसभा चुनाव हार जाने के बावजूद 2019 में लोकसभा की 25 में 24 सीटें स्वयं जीतने और एक सीट पर अपने गठबंधन की सहयोगी पार्टी को जिताने में जो ऐतिहासिक कामयाबी हासिल की थी वो केन्द्र की योजनाओं का ही कमाल था। ऐसे में प्रदेश भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों में केन्द्र की योजनाओं को ही जनता के बीच भुनाना चाहती है।