


.jpg)
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरूवार को 472 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास कर प्रदेशवासियों को सौगात दी। उन्होंने 250 करोड की लागत से निर्मित एलआईसी भवन से सोडाला तक एलीवेटेड रोड़ का लोकार्पण किया, जिससे जयपुरवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
सीएम गहलोत ने एलीवेटेड रोड़ का नाम ‘भारत जोड़ो सेतु’ रखने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने 222 करोड़ रूपए की लागत की 6 अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें 73.29 करोड़ रूपए की लागत से संकल्प नगर-सांझरियो में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पृथ्वीराज नगर में लगभग 53 करोड़ रूपए की लागत से व्यास मुख्य ट्रंक लाइन तथा अन्य कार्य, लूनियावास गोनेर रोड़ पर 14.65 करोड़ रूपए की लागत से तथा वंदेमातरम् मुहाना रोड़ पर 37 करोड़ रूपए की लागत से नाला निर्माण सहित राजस्थान इन्टरनेशनल सेन्टर परिसर में गेस्ट हाउस का निर्माण कार्र्य शामिल है।
सीएम गहलोत ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण आयी विभिन्न अड़चनों के बावजूद राज्य सरकार ने समयबद्ध रूप से एलीवेटेड रोड़ का निर्माण कार्य पूरा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को एक उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमणों को हटाने, सड़कों के चौड़ाईकरण, नई सड़कों और ब्रिज का निर्माण, आमजन के लिए पार्क उपलब्ध कराने जैसे कार्य प्राथमिकता के साथ किए गए हैं। इससे जयपुर सहित राज्य के विभिन्न शहरों में उत्कृष्ट सड़क तंत्र व आधारभूत ढांचे का निर्माण हुआ है।
सीएम गहलोत ने कहा कि राज्य के 13 जिलों में आमजन और किसानों के लिए पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस योजना से राजस्थान के एक बड़े क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई जल की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। केंद्र सरकार को जल्द से जल्द ई.आर.सी.पी. को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करनी चाहिए।
सीएम गहलोत ने कहा कि देश में सभी संप्रदायों के बीच आपसी भाईचारा और सद्भाव देश के विकास के लिए आवश्यक है। सभ्य समाज में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। देश में आपसी समरसता स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री को अपील करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्रीय एजेंसियों का किसी भी प्रकार का दुरूपयोग नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण में आलोचना व असहमति की महत्वपूर्ण भूमिका है।
नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि हर क्षेत्र में सरकार का कार्य शानदार रहा है। सरकार के प्रयासों से राजस्थान में उत्कृष्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि मुख्यमंत्री की अगुवाई में राज्य में अभूतपूर्व विकास हुआ है। इस दौरान कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, विधायक रफीक खान, अमीन कागजी, गंगा देवी, गोपाल मीणा, महापौर नगर निगम ग्रेटर जयपुर श्रीमती शील धाभाई, महापौर नगर निगम हैरिटेज जयपुर श्रीमती मुनेश गुर्जर अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।