

.jpg)
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र बाड़मेर में विजयादशमी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बालोतरा शहर की ओर से आयोजित पथ संचलन में पूर्ण गणवेश के साथ सम्मिलित हुए।
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने इससे पहले यहां संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ शस्त्र पूजन किया। प्रार्थना के बाद पथ संचलन शुरू होकर बालोतरा शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए शांति निकेतन विद्यालय पहुंच सम्पन्न हुआ। इस दौरान शहरवासियों सहित कई वरिष्ठ नागरिकों ने पथ संचलन में शामिल स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
बालोतरा में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी के संघ के पथ संचलन में पूर्ण गणवेश के साथ शामिल होने को लेकर लोगों में देखने के लिए उत्साह दिखा। जिस भी मार्ग से संचलन निकला लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इसके साथ ही भारत माता के जयकारे लगाकर स्वयंसेवकों का उत्साह बढ़ाया। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी अपने बचपन और युवावस्था से ही राष्ट्रवादी सांस्कृतिक संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं। ऐसे में इस बार विजयादशमी को बालोतरा में वे केंद्रीय मंत्री के तौर पर पथ संचलन में सम्मिलित हुए।
संघ के स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि राष्ट्रसेवा, अनुशासन, बलिदान, त्याग, समर्पण और संस्कारों को अपने आचरण में लेकर मातृभूमि पर सर्वस्व अर्पित करने हेतु प्रेरित करने वाले विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन,"राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ" के स्थापना दिवस पर सभी स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं।