


.jpg)
बहरोड़ में होटल हाईवे किंग के स्टाफ ने मंगलवार को दो युवकों से जमकर मारपीट की थी। इसका वीडियो सामने आया था। पीड़ित दोनों युवक सगे भाई हैं और वे गांव दूघेडा के रहने वाले हैं। होटल स्टाफ ने महज 13 रुपए के लिए दोनों भाइयों को बेरहमी से पीटा था। इसको लेकर बुधवार को पीड़ितों ने बहरोड़ थाने में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस के अनुसार कृष्ण कुमार और बड़ा भाई राहुल होटल में चाय पीने गए थे। वेटर ने दो चाय का 53 रुपए बिल दे दिया। दोनों ने 40 रुपए देते हुए कहा कि वे लोकल हैं। साथ ही लोकल को मिलने वाले 10 फीसदी डिस्काउंट की भी मांग की।
कृष्ण कुमार ने कहा कि इस पर होटल कर्मचारी अभद्रता करते हुए 53 रुपए देने की बात पर अड़ गए। कृष्ण ने अपने फोन-पे से बिल का पूरा भुगतान भी कर दिया। लेकिन वे तैश में आकर गाली गलौच करने लगे। कुछ देर में कई कर्मचारियों ने आकर मारपीट की। 7 कर्मचारियों ने उन पर 100 से ज्यादा लात-घूंसे और थप्पड़ बरसाए।
उन्होंने कहा कि हमारी समाज में प्रतिष्ठा को धूमिल कर दिया। मारपीट का विडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो गया। रिश्तेदारों और परिचितों के फोन आ रहे हैं। महज 13 रुपए के लिए विवाद हुआ और बिल चुकाने के बाद भी मारपीट की गई।
बहरोड़ थाना अधिकारी विजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मंगलवार रात होटल में हुई मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करवाई जा रही है। दोषी होटल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।