


.jpg)
बजरी बजरी रॉयल्टी कार्मिकों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट के बाद मौके पर पहुंचे पूर्व जिला प्रमुख और कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष व पीसीसी सदस्य रामबिलास चौधरी को भी पुलिस बल का सामना करना पड़ा। उनके बोलने पर पुलिस ने उन्हें हाथ पकड़ कर घसीटा और काफी दूर खड़ी कार में जबरन डाल दिया। पुलिस के मुताबिक हाड़ीकला गांव में ग्रामीणों और बजरी रॉयलटी कार्मिकों के बीच झगड़ा हो गया। ऐसे में ग्रामीणों ने सोहेला-डिग्गी मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने लगातार हो रही मारपीट के चलते पीसीसी सदस्य रामबिलास चौधरी को बुलवा लिया। इस बीच उनकी पुलिस से बहस हो गई। मामले में पूर्व जिलाध्यक्ष रामबिलास चौधरी ने कहा कि वे ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे थे। जहां पुलिस से बात की जा रही थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें एक अपराधी की भांति पकड़ा और कार में डाल दिया। चौधरी ने कहा कि ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता अब तक पुलिस के बारे में कहते थे कि सुनवाई नहीं होती या जबरन दबाव बनाते हैं, लेकिन आज महसूस भी कर लिया कि पुलिस एक तरफा कार्रवाई करती है। इधर, पुलिस उपाधीक्षक निवाई रुद्रप्रकाश ने कहा कि रामबिलास अभद्रता कर रहे थे। ऐसे में उन्हें पकड़कर कार में बैठा दिया।