



शनिवार को खेले गए एक घरेलू फुटबॉल मैच में मौत का तांडव देखने को मिला। यह तांडव अपनी टीम की हार से बौखलाए फैन्स ने ही किया। यह दर्दनाक हादसा इंडोनेशिया में ईस्ट जावा के केपंजेन शहर में हुआ, जहां घरेलू फुटबॉल टूर्नामेंट के तहत एक मैच खेला जा रहा था।यह मैच पेरसेबाया सुराबाया और अरेमा फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया।

इंडोनेशियाई पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पूर्वी जावा के पुलिस प्रमुख निको अफिंटा ने संवाददाताओं से कहा कि अरेमा एफसी और पर्सेबाया सुराबाया के बीच मैच समाप्त होने के बाद, हारने वाली टीम के समर्थकों ने ग्राउंड पर हमला कर दिया। इस पर पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी जिससे भगदड़ मच गई। हादसे में दम घुटने के मामले सामने आए।
स्थानीय समाचार चैनलों के वीडियो फुटेज में लोग मलंग के स्टेडियम में दौड़ते हुए और शवों को ले जाते हुए दिखाए गए हैं। इंडोनेशियाई शीर्ष लीग बीआरआई लीग एक ने इस मैच के बाद एक सप्ताह के लिए खेलों पर रोक लगा दी है। इस मैच में पर्सेबाया ने 3-2 से जीत हासिल की थी। इंडोनेशिया के फुटबॉल संघ (PSSI) ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है। इंडोनेशिया में मैचों में इस तरह के विवाद और झगड़े पूर्व में भी हुए है. फुटबाल क्लबों के बीच भारी प्रतिद्वंद्विता के माहौल में कभी-कभी उनके समर्थकों के बीच हिंसा होती रहती है।