



भारत ने दूसरे टी-20 मैच में 16 रनों से जीत हासिल कर टी-20 सीरीज़ पर अजेय बढ़त बना ली है। यह पहली बार है जब भारत ने अपने घर में साउथ अफ्रीका को किसी टी-20 सीरीज़ में हराया है। साउथ अफ्रीका ने आखिर तक लड़ाई की कोशिश की, डेविड मिलर ने यहां शतक जमाया लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। टीम इंडिया ने इस मैच में कमाल की बैटिंग का नज़ारा पेश किया और अफ्रीकी टीम की बॉलिंग की कमर तोड़ दी। रोहित और राहुल ने जो सिलसिला शुरू किया, उसे विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव ने अलग मुकाम पर पहुंचा दिया। टीम इंडिया के लिए केएल राहुल ने 28 बॉल में 57 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 37 बॉल में 43 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए हीरो सूर्यकुमार यादव साबित हुए जिन्होंने 22 बॉल में 61 रन बनाए और अफ्रीकी बॉलिंग को तहस-नहस कर दिया। सूर्या ने सिर्फ 18 बॉल में फिफ्टी पूरी की, अपनी पारी में 5 चौके और 5 छक्के जमाए। अंत में विराट कोहली ने 28 बॉल में 49 और दिनेश कार्तिक ने 7 बॉल में 22 रनों की पारी खेली। भारत ने यहां 237 का बड़ा स्कोर बनाया, जो टी-20 क्रिकेट में उसका चौथा सबसे बड़ा स्कोर रहा।