

.jpg)
भारत-पाक बॉर्डर पर शनिवार देर रात बीएसएफ की ओर से पाकिस्तान से भारत की सीमा में घुसे ड्रोन पर गोलियां चलाई गई। हालांकि ड्रोन बच निकला। मामला श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ का है। घटना के बाद से बीएसएफ सतर्क हो गया है।
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित कैलाश पोस्ट के पास नापाक हरकत सामने आई है। कैलाश पोस्ट के पास शनिवार रात 12:45 बजे बीएसएफ जवानों ने ड्रोन की आवाज सुनाई दी। बीएसएफ जवानों ने फायरिंग की, लेकिन ड्रोन बच निकला।
रविवार सुबह कैलाश पोस्ट के पास भूपेंद्र सिंह खेत पर गया। खेत में उसे 4 पैकेट दिखाई दिए। ये पैकेट संदिग्ध लग रहे थे। भूपेंद्र ने सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दी। बीएसएफ, सीआईडी और पुलिस मौके पर पहुंची और पैकेट को खोला तो उसमें साढ़े 3 किलो हेरोइन थी। इनमें एक-एक किलो के तीन पैकेट थे और आधा किलो का एक पैकेट था।
बीएसएफ ने हेरोइन जब्त कर ली और सीमावर्ती क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि हेरोइन का बाजार मूल्य करीब 14 करोड़ रुपए है। मामले की जांच नारकोटिक्स ब्यूरो को सौंपी गई है।