Saturday, 29 August 2026

घर के बाहर खड़े ज्वेलर को गोली मारी, एक ही बाइक पर आए थे 3 बदमाश,गंभीर घायल को जयपुर किया रेफर


घर के बाहर खड़े ज्वेलर को गोली मारी, एक ही बाइक पर आए थे 3 बदमाश,गंभीर घायल को जयपुर किया रेफर

सीकर के फतेहपुर इलाके बाइक सवार बदमाश शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर खड़े ज्वेलर को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और आस-पास के लोग आए। लहूलुहान हालत में ज्वेलर को हॉस्पिटल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जयपुर रेफर कर दिया। 

डीएसपी राजेश कुमार विद्यार्थी ने बताया कि हमलावरों की गोली से 60 साल के ज्वेलर बाबूलाल झालानी घायल हो गए हैं। उनकी मुख्य बाजार में ज्वेलरी की दुकान है। कस्बे के देवड़ा चौक के पास उनका घर है।

उन्होंने बताया कि ज्वेलर के घर पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है। ज्वेलर के घर से 100 फीट की दूरी पर जनरल स्टोर है। वहां बदमाशों ने पहले दुकानदार से सिगरेट मांगी। करीब 10 मिनट तक इसी बहाने वहां खड़े रहे। ज्वेलर की रेकी की। बाबूलाल के घर से बाहर आते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली पास से गुजर गई। दूसरी गोली सीने के नीचे लगी। अचानक मोहल्ले में हुई फायरिंग से लोग सहम गए। घर के अंदर से बाबूलाल का बेटा दौड़कर आया। सामने पिता लहूलुहान थे। वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही तीनों बदमाश बाइक से भाग गए।बाबूलाल के परिवार वाले उनको राजकीय ट्रॉमा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज कर जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। 

घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया। खुलेआम इस तरीके की वारदात से व्यापारियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े घर के बाहर बदमाश गोली मारकर चले जाते हैं। अपराध बढ़ रहा है, लेकिन बदमाशों को पकड़ने में पुलिस नाकाम रही है। कांग्रेस विधायक हाकिम अली खान, पालिका अध्यक्ष मुश्ताक नजमी, पूर्व पालिका अध्यक्ष मधुसूदन भिंडा, पूर्व प्रधान भागीरथ जाखड़, नगर पालिका उपाध्यक्ष प्रतिनिधि अजय रिणवा सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे हैं और स्थिति का जायजा लिया।



    Previous
    Next

    Related Posts