


.jpg)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार रात आबूरोड आए। उन्होंने कहा कि मैं इस प्यार को ब्याज सहित लौटाऊंगा। पीएम मोदी ने रात 10 बजे का समय होने के कारण लाउड स्पीकर पर सभा को संबोधित नहीं किया। उन्होंने जनसभा में आई जनता को घुटनों के बल बैठकर तीन बार नमन उनका आभार जताया।
मोदी जैसे ही सभा स्थल पर पहुंचे तो पूरा पांडाल मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। मंच पर आने के बाद पीएम मोदी ने माइक का उपयोग करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि रात के दस बज चुके हैं और अब नियमानुसार माइक का उपयोग नहीं किया जा सकता। मेरी आत्मा कहती है कि मुझे नियम-कानून का पालन करना चाहिए।
उन्होंने इसके बाद बिना माइक ही वहां मौजूद भीड़ से कहा कि मेरे लिए आप लोग यहां इतनी देर से बैठे रहे और मैं देरी से आया, इसके लिए क्षमा मांगता हूं, लेकिन मैं वादा करता हूं कि जल्द ही वापस आऊंगा। इसके बाद पीएम मोदी ने तीन बार घुटनों के बल बैठकर मंच से जनता काे प्रणाम किया। फिर मंच से उतरकर जनता के बीच आ गए। करीब 10.25 पर वे हेलिकॉप्टर से वापस रवाना हो गए। वे गुजरात के अंबाजी में दर्शन के बाद कार से आबूरोड आए। करीब 21 किमी के इस रास्ते में जगह-जगह लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने उनका अभिवादन किया। यह पूरा रास्ता आदिवासी क्षेत्र है।
आबूरोड शहर में प्रवेश के बाद पूरे रास्ते में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इस पूरे रास्ते को रोशनी से सजाया गया था। लोग सड़क के दोनों ओर खड़े रहे और जयकारे लगाते रहे। कई जगहों पर भाजपा की ओर से केंद्र सरकार से जुड़ी योजनाओं की झांकी भी सजाई गई थी।
गुरुवार से पीएम मोदी दो दिन गुजरात के दौरे पर थे। शुक्रवार को उनके दौरे का दूसरा दिन रहा। शाम को वे गुजरात के प्रमुख शक्ति पीठ अंबाजी धाम पहुंचे। यहां दर्शन के बाद वे पहाड़ी पर स्थित गब्बर तीर्थ पहुंचे और महाआरती में शामिल हुए। पीएम मोदीने यहां कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। जिसमें आबूरोड से गुजरात के तारंगा हिल तक नया रेलवे ट्रैक भी शामिल है। जो वाया अंबाजी होकर गुजरेगा।
मोदी के आने से पहले केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में गहलोत सरकार ने विकास ठप कर दिया है। प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि देश में 2014 में राजनीतिक क्रांति हुई, जिसने कांग्रेस का नामोनिशान मिटा दिया। मंच पर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़, पाली सांसद पीपी चौधरी, जालोर सिरोही सांसद देवजी पटेल मौजूद थे।