


.jpg)
अखिल भारतीय कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव नामांकन भरने का शुक्रवार को आखिरी दिन है। दावेदारों में अब तक दो नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच सीधा मुकाबला होगा। दिग्विजय सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन नहीं भरने का ऐलान किया और कहा कि वह मल्लिकार्जुन के प्रस्तावक बनेंगे।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने नामांकन भरने की घोषणा से पहले दिग्विजय सिंह से मुलाकात की। उनके बेटे जयवर्धन ने कहा कि दोपहर तक पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
शशि थरूर ने कहा कि दिग्विजय सिंह के विचारों से मेरे विचार मेल खाते हैं, हम पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं। कोई लड़ाई नहीं, ये एक फ्रैंडली कॉन्टेस्ट होगा। जहां तक मल्लिकार्जुन जी की बात है तो वे बेहद सम्मानित साथी हैं। जितने ज्यादा लोग चुनाव में उतरेंगे, कांग्रेस मजबूत होकर सामने आएगी। शशि थरूर ने सुबह राजघाट जाकर गांधी जी को पुष्पांजलि अर्पित की। शशि थरूर यह कह चुके हैं कि उनकी जीत सुनिश्चित नहीं है लेकिन वह चुनाव लड़ेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार देर रात प्रियंका के घर पहुंचीं। जहां पर अध्यक्ष पद को लेकर दोनों के बीच लंबी बातचीत हुई। कांग्रेस के कुछ नेता अभी भी प्रियंका को अध्यक्ष बनाए जाने के फेवर में हैं। तर्क यह है कि वे वाड्रा परिवार की बहू हैं, गांधी परिवार के कोटे में उन्हें न गिना जाए। इस सब के बावजूद राहुल इसके लिए राजी नहीं हैं।
शुक्रवार 3:00 बजे तक नामांकन भरे जाएंगे । गांधी परिवार के समर्थन वाला नेता ही अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बन पाएगा। अध्यक्ष पद के लिए गांधी परिवार अपना उम्मीदवार तय कर चुका है, कोषाध्यक्ष पवन बंसल ने उस उम्मीदवार के लिए नॉमिनेशन फॉर्म पहले से ही खरीद रखा है।