



राजस्थान कांग्रेस में संकट के बीच राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करने 10 जनपथ पहुंचे। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल भी सोनिया गांधी के आवास पर मौजूद हैं। माना जा रहा है कि गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर वर्तमान गतिरोध पर विराम लगाने का प्रयास करेंगे।
सीएम गहलोत ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयपुर में हुए विवाद पर चुप्पी तोड़ी और कहा कि मीडिया में जो चल रहा है, ये छोटी-मोटी घटनाएं चलती रहती हैं। घर की बातें हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में यह सब कुछ चलता रहता है और मामले आपसी सहमति से सुलझा लिए जाते हैं।
सीएम गहलोत ने कहा कि 50 साल से देख रहा हूँ, नबर वन कांग्रेस प्रेसिडेंट होता है , इंदिरा जी के वक्त से मैं देख रहा हूँ, राजीव जी के वक्त से मैं देख रहा हूँ, चाहे नरसिम्हा राव जी थे, सोनिया गांधी जी कांग्रेस प्रेसिडेंट हैं, हमेशा कांग्रेस के अंदर डिसिप्लिन है। उन्होंने कहा कि सब ठीक है।गहलोत बुधवार रात दिल्ली पहुंचे और सोनिया गांधी के नेतृत्व की सराहना की तथा उम्मीद जताई कि ‘घर की बातों’ को सुलझा लिया जाएगा। पार्टी की राजस्थान इकाई में संकट पैदा होने के बाद गहलोत पहली बार दिल्ली पहुंचे हैं।