


.jpg)
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने की तैयारी है। उनकी जगह मुख्यमंत्री के रूप में हाईकमान की पसंद सचिन पायलट है, लेकिन सीएम गहलोत गुट पायलट के नाम पर नाराज हो गया है।
विधायक दल की बैठक से पहले ही सीएम गहलोत गुट के करीब 70 विधायक अपना इस्तीफा देने विधानसभा अध्यक्ष डॉ.सीपी जोशी के घर पहुंच गए हैं। खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने दावा किया कि हमारे पास 92 विधायक हैं। हमारी एक ही मांग है कि बगावत करने वाले लोगों में से सीएम नहीं बनाया जाए।
सचिन पायलट, और उनके समर्थक विधायक और कुछ अन्य विधायक विधायक दल की बैठक के लिए सीएम हाउस पहुंचे। सीएम गहलोत, प्रदेश प्रभारी अजय माकन और ऑब्जर्वर मल्लिकार्जुन खड़गे से मिलने होटल पहुंचे। छोटी सी बैठक के बाद तीनों सीएम हाउस पहुंच चुके हैं।
कांग्रेस में सीएम बदलने के मुद्दे पर गहलोत समर्थक विधायकों ने सामूहिक इस्तीफे की धमकी दी है। स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल के घर बैठक में सीएम गहलोत गुट के विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी से मिलकर इस्तीफे सौंपने की रणनीति बनाई है। सीएम गहलोत गुट के कई विधायकों ने विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करने की सलाह दी है। इस बैठक में 70 से ज्यादा विधायक मौजूद रहे।
विधायक दल की बैठक से पहले सीएम गहलोत ने कहा कि ऐसी बैठकों में एक लाइन का प्रस्ताव पास करते हैं कि जो हाईकमान तय करेगा, वही हमें मंजूर होगा। सीएम पद नहीं छोड़ना चाहता, मैंने तो 9 अगस्त को ही हाईकमान से कह दिया था कि जो सरकार रिपीट करवा सके, उसे ही सीएम बनाना चाहिए।
पंचायत राज्यमंत्री राजेंद्र गुढ़ा धारीवाल के बंगले के गेट से वापस लौट गए। उन्होंने कहा कि यहां 101 विधायक नहीं हैं।गुढ़ा ने शांति धारीवाल के घर हुई गहलोत समर्थक विधायकों की बैठक से दूरी बना ली। गुढ़ा धारीवाल के बंगले के गेट से वापस लौट गए।
गुढ़ा ने कहा कि बहुमत के लिए 101 विधायक चाहिए, इसके बिना सरकार अल्पमत में होती ही। यहां बैठक में 101 विधायक नहीं हैं, इसलिए मैं नहीं गया। विधायक संदीप यादव, वाजिब अली और लाखन मीना धारीवाल के निवास पहुंच गए हैं। इन्हें राजेन्द्र गुढ़ा अपने कैम्प में बता रहे थे। ग्रुप 6 टूट गया है। खिलाड़ी लाल बैरवा और गिर्राज सिंह मलिंगा गुढ़ा के साथ हैं और बैठक में नहीं गए।