Saturday, 29 August 2026

कन्हैयालाल हत्याकांड: जांच के लिए एनआइए ने कोर्ट से और समय मांगा, आरोपियों की न्यायिक हिरासत 21 अक्टूबर तक बढ़ी


कन्हैयालाल हत्याकांड: जांच के लिए एनआइए ने कोर्ट से और समय मांगा, आरोपियों की न्यायिक हिरासत 21 अक्टूबर तक बढ़ी

कन्हैयालाल हत्याकांड में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) ने चार्जशीट दायर करने के लिए कोर्ट से 90 दिन का समय और मांगा है। एनआइए ने कोर्ट में कहा कि मामले में कुछ और आरोपियों की तलाश की जा रही है। ऐसे में जांच पूरी करने में समय लगने की संभावना है। इससे पहले मामले में गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच एनआइए कोर्ट जयपुर में पेश किया।

एनआइए ने कन्हैयालाल की हत्या के आरोप में अब तक गिरफ्तार मोहम्मद रियाज अत्तारी, गौस मोहम्मद, फरहाद शेख, आसिफ, मोहम्मद मोहसिन, वसीम अली, जावेद मंसूरी व मोहसिन खान, मुस्लिम खान उर्फ मुस्लिम रजा को कोर्ट में पेश किया। इस दौरान कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। आरोपियों को कोर्ट में पेश करते समय लोगों की भीड़ भी रही।

एनआइए की ओर से कोर्ट में कहा कि कुछ संदिग्धों की तलाश की जा रही है, ऐसे में जांच पूरी करने में अभी 90 दिन का समय लग सकता है। इसके बाद कोर्ट ने आरोपियों की न्यायिक हिरासत 21 अक्टूबर तक बढ़ाने का आदेश दिया। ऐसे में आरोपियों को अगली पेशी के लिए एक माह तक इंतजार करना होगा।

उल्लेखनीय है कि एनआइए ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने से पहले परिजनों तक भी सूचना पहुंचाई थी। चार दिन पहले हुई पेशी में साजिशकर्ता आरोपियों के परिजन भी कोर्ट में पहुंचे थे।


    Previous
    Next

    Related Posts