


.jpg)
बीएसपी से कांग्रेस में शामिल हुए ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि हाईकमान सचिन पायलट या किसी अन्य व्यक्ति को सीएम बनाए वह मंजूर है। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जिसे भी मुख्यमंत्री बना दें, हम उस फैसले के साथ हैं। अगर भरोसीलाल जाटव को भी सीएम बनाएंगे तब भी हम साथ हैं। जयपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गुढ़ा ने अगले सीएम के चयन पर सीएम अशोक गहलोत के बयान से अलग लाइन लेते हुए राजेंद्र गुढ़ा ने कहा- कांग्रेस में जो भी फैसले होते हैं, उसमें हाईकमान का फैसला मान्य होता है। कम से कम हम छह विधायक जो ग्रुप सिक्स में हैं, उनकी गारंटी है कि वह सभी हाईकमान के साथ हैं। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि हम सभी कांग्रेस के सदस्य हैं। विधानसभा में हम कांग्रेस के सदस्य हैं। जो भी फैसला होगा, वो भी हमारे कांग्रेस के नेता सोनिया गांधी राहुल गांधी करेंगे, उसको सभी स्वीकार करेंगे। जहां तक मेरी जानकारी है इसमें कोई किंतु-परंतु नहीं है। जो फैसला दिल्ली करेगी वह सभी को मान्य होगा। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने कहा कि हम दो बार सरकार में रह लिए, जो फैसले हाईकमान करता है, मेरी जानकारी के अनुसार तो विधायक उसी को स्वीकार करेंगे। सोनिया गांधी चाहे भरोसीलाल जाटव को भी मुख्यमंत्री बना देंगी तो भी हम साथ हैं। ऐसा जो देख रहे हैं कि अशोक गहलोत राष्ट्रीय अध्यक्ष बन रहे हैं, इस मामले में वे ही सारी चीजें ज्यादा जानते हैं। इस मामले में जो भी बड़े नेता करेंगे तो समझकर करेंगे उसमें हम साथ हैं। ग्रामीण विकास राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने सीएम गहलोत के बयान से अलग लाइन लेकर राजनीतिक संदेशदे दिया है। उन्होंने बयान से साफ इशारा कर दिया है कि जी-6 से जुड़े विधायक किसी चेहरे की बजाय पार्टी का साथ देंगे। गुढ़ा ने केवल सीएम गहलोत को समर्थन देने की बजाय कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने का स्टैंड लिया है। पहले गुढ़ा कट्टर गहलोत समर्थक माने जाते थे, लेकिन अब उन्होंने लिबरल स्टैंड ले लिया है। बीएसपी से कांग्रेस में आए चार और कांग्रेस के दो विधायक कई महीनों से असंतुष्ट थे। बीएसपी से कांग्रेस में आए मंत्री राजेंद्र गुढ़ा, विधायक वाजिब अली, लाखन सिंह, संदीप यादव, कांग्रेस विधायक गिर्राज सिंह मलिंगा और खिलाड़ीलाल बैरवा जी-6 में हैं। छहों विधायक अलगअलग कारणों से असंतुष्ट रहे हैं।