Saturday, 29 August 2026

सीएम गहलोत ने सोनिया से की मुलाकात, गुरुवार को राहुल से मिलने जाएंगे कोच्चि,सचिन की भूमिका को लेकर भी होगा फैसला


सीएम गहलोत ने सोनिया से की मुलाकात, गुरुवार को राहुल से मिलने जाएंगे कोच्चि,सचिन की भूमिका को लेकर भी होगा फैसला


अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे बताया जाते हैं और उन्होंने दिल्ली में बुधवार को आईसीसी की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात भी कर ली है। इस मुलाकात के बाद उन्होंने कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं से भी आगे की रणनीति को लेकर बातचीत की है। सीएम गहलोत ने कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन बंसल और संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल से विस्तार से चर्चा भी की है।

 सीएम गहलोत ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि अगर पार्टी हाईकमान उन्हें जो भी निर्देश देगी वे उसकी अनुपालन करेंगे। सीएम गहलोत दिल्ली से केरल के कोच्चि जाएंगे। वहां राहुल गांधी से मुलाकात कर पूरे मामले में चर्चा करेंगे।  उन्होंने कहा कि 'मैं एक बार और प्रयास कर रहा हूं राहुल गांधी को अध्यक्ष पद के लिए मनाने का। मैं अपने मुख्यमंत्री रहने या न रहने की बात नहीं कर रहा हूं, यह समय बताएगा। मैं वहां रहना पसंद करूंगा, जहां मेरे रहने से पार्टी को फायदा मिल रहा हो।

इससे पहले सुबह दिल्ली पहुंचने पर गहलोत ने कहा था कि अगर पार्टी के लाेग मुझे चाहते हैं, उन्हें लगता है कि अध्यक्ष पद या सीएम पद पर मेरी जरूरत है तो मैं मना नहीं कर सकता। हमारे लिए पद कोई मायने नहीं रखता। एक पद, एक व्यक्ति का नियम केवल नॉमिनेटेड पोस्ट के लिए है। चुनाव लड़कर कोई भी दो पोस्ट पर रह सकता है।

सीएम  गहलोत ने कहा कि यह तो अब 'समय बताएगा कि मैं कहा रहूंगा, कहां नहीं रहूंगा। एक पद, एक व्यक्ति फॉर्मूले पर उन्होंने कहा कि मेरी इच्छा तो ये है कि मैं किसी पद पर न रहूं, क्योंकि मैं बहुत पद पर रह चुका हूं। मेरी उपस्थिति से पार्टी को फायदा होना चाहिए, कांग्रेस मजबूत होनी चाहिए, मैं यह चाहता हूं। पार्टी ने मुझे बहुत कुछ दिया है।'

सीएम गहलोत का कोच्चि दौरा अध्यक्ष पद के चुनाव के साथ-साथ राजस्थान की राजनीतिक के हिसाब से भी अहम माना जा रहा है। वे अगर अध्यक्ष का चुनाव लड़ते हैं तो सचिन पायलट के अगले रोल को लेकर भी बात होगी। पायलट भी राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने कोच्चि गए हुए हैं।

मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि यदि वे अध्यक्ष बनते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना होगा। उन्होंने  कहा कि उदयपुर अधिवेशन में यह प्रस्ताव पास हुआ था कि एक व्यक्ति सिर्फ एक पद पर रहेगा। दिग्विजय खुद भी अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।शशि थरूर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर सकते हैं। बुधवार को उन्होंने कांग्रेस चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री से कॉन्ग्रेस मुख्यालय में मुलाकात कर चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी से सीएम गहलोत की 24 अगस्त की मुलाकात के समय उन्हें इस बात के संकेत दे दिए थे कि अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करना है।




    Previous
    Next

    Related Posts