Saturday, 29 August 2026

जोधपुर में डॉक्टर ने कुत्ते को कार में बांधकर घसीटा: क्रूरता की सारी हदें की पार


जोधपुर में डॉक्टर ने कुत्ते को कार में बांधकर घसीटा: क्रूरता की सारी हदें की पार

जोधपुर के एक डॉक्टर ने रविवार को क्रूरता की हदें पार कर दीं। उसके घर में एक गली का कुत्ता घुसा तो उसने कुत्ते को अपनी गाड़ी में बांधकर 5 किलोमीटर तक घसीटा। इससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका पैर फ्रैक्चर हो गया और उसकी चमड़ी तक छील  गई।

रोड पर कार के पीछे कुत्ते को बांधकर दौड़ाते देख लोगों ने कार रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि डॉ. रजनीश गालवा कार नहीं रोकी और लगातार भगाता रहा। राहगीरों ने कार के पीछे बाइक दौड़ाई और कार को आगे से घेरा। कार के आगे बाइक खड़ी कर दी। तब जाकर कार रुकी।


डॉक्टर गालवा ने इसका विरोध भी किया। रोकने वाले लोगों से उनकी बहस भी हो गई। इतने में एक राहगीर ने डॉग होम फाउंडेशन के वर्करों को सूचना दे दी। फाउंडेशन के मेंबर आए तो उनसे भी डॉक्टर उलझ गया।

जोधपुर के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में प्लास्टिक सर्जन डॉ. रजनीश गालवा शहर की सबसे पॉश कॉलोनी शास्त्री नगर में रहते हैं। उनके खिलाफ पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में आरोपी डॉ. रजनीश ने कहा, 'कुत्ता घर में अक्सर घुस जाता है, घर के बाहर भौंकता है। मेरी बेटी को भी काट लिया। इसलिए निगम के बाड़े में छोड़ने जा रहा था। अंदर बैठाता तो काटने का डर था।'

हालांकि, डॉक्टर ने अपनी बेटी के इलाज की जो पर्ची उपलब्ध करवाई, वह शाम की है, जबकि कुत्ते को वह दोपहर 1 बजे के आसपास घसीटते हुए ले जा रहे थे। इस पर डॉक्टर का कहना है कि उन्हें घर जाने पर बेटी को कुत्ते के काटने की जानकारी मिली।


Previous
Next

Related Posts