Saturday, 29 August 2026

सीएम गहलोत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल को बनाने का रखा प्रस्ताव, मौजूद नेताओं से कराएं हाथ खड़े, सभी पदों पर फैसले का अधिकार हाईकमान पर छोड़ा


सीएम गहलोत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल को बनाने का रखा प्रस्ताव, मौजूद नेताओं से कराएं हाथ खड़े, सभी पदों पर फैसले का अधिकार हाईकमान पर छोड़ा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान के लिए चुने गए प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि की पहली बैठक में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रदेश कांग्रेस के नए सदस्यों की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखते हुए वहां मौजूद नेताओं से हाथ खड़े करवाए। सभी नेताओं ने सीएम गहलोत के प्रस्ताव का समर्थन किया। सीएम गहलोत ने राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव प्रदेश चुनाव अधिकारी के बैठक से जाने के बाद रखा।

नए प्रदेश कांग्रेस के सदस्यों की शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय पर बैठक हुई। बैठक में सबसे पहले प्रदेश चुनाव अधिकारी की माैजूदगी में राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेशाध्यक्ष और दूसरे पदों पर फैसले का अधिकार हाईकमान पर छोड़ने का प्रस्ताव पारित किया। 

इस प्रस्ताव के बाद प्रदेश चुनाव अधिकारी जब बैठक से चले गए। इसके बाद सीएम गहलोत ने बैठक में कहा कि राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए, इस पर सभी अपनी राय रखें। सीएम गहलोत ने बैठक में मौजूद लोगों से राहुल को अध्यक्ष बनाए जाने पर राय जानी तो सबने हाथ खड़े करके समर्थन किया। 

राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव प्रदेश चुनाव अधिकारी के जाने के बाद रखा गया। ऐसे में यह प्रस्ताव दिल्ली नहीं भेजा जाएगा, लेकिन सभी नेताओं ने हाथ खड़े करके राहुल गांधी के प्रति समर्थन जताकर राजनीतिक तौर पर संदेश देने का प्रयास किया है।

सीएम गहलोत ने खुद प्रस्ताव रखा इसलिए राजनीतिक तौर पर इसका महत्व है। सीएम गहलोत ने एक बार फिर राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने के लिए हाथ खड़े करवाकर मुद्दे को हवा दे दी है। सीएम गहलोत के बाद सभी मंत्री और नेता भी एक सुर में राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का समर्थन करते नजर आए ।

बैठक के बाद कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के सदस्यों की पहली बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया है। सभी पदों पर फैसले का अधिकार हाईकमान पर छोड़ा है, यही आधिकारिक प्रस्ताव है। माकन के बोलते ही प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि हम सबकी भावना है कि राहुल गांधी अध्यक्ष बनें।

Previous
Next

Related Posts