



एआइएमआइएम सुप्रीमो व सांसद असदुद्दीन ओवैसी बुधवार को सीकर जिले के दौरे पर रहे। यहां सीकर में जनसम्पर्क के बाद उन्होंने फतेहपुर की बकरा मंडी में जनसभा को संबोधित किया। जहां उन्होंने कांग्रेस व भाजपा को निशाने पर लेने के साथ हिजाब, शरीयत और मदरसों के सर्वे सरीखे मुस्लिम समाज के कई मुद्दे भी उठाए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सभी आठ मुस्लिम विधायक बेबस है और उनकी आवाज को सुना नहीं जाता है। विधानसभा में वे मुसलमानों की समस्याओं को नहीं उठाते, उनके हक के लिए लड़ाई नहीं लड़ते। उन्होंने कहा कि राजस्थान कांग्रेस में एक से बढ़कर एक जोकर है।
उन्होंने मंत्री नागर के बयान पर भी सियासी हमला किया। ओवैसी ने कहा कि तेलंगाना में 42 लाख मुसलमान हैं और वहां माइनोरिटी का बजट 1700 करोड़ है जबकि राजस्थान में 62 लाख मुसलमानों के लिए केवल 98 .55 करोड़ का बजट है। राजस्थान में गुर्जरों ने हक के लिए जंग लड़ी तो आरक्षण मिला। इसी तरह मुस्लिमों को भी राजनैतिक मजबूती के लिए संघर्ष करना होगा।
यूपी सरकार की ओर से मदरसों का सर्वे कराए जाने पर भी सवालिया निशान उठाए। उन्होंने कहा कि इसाई मिशनरी, आरएसएस व सरकारी स्कूलों का सर्वे क्यों नहीं कराया जाता। उन्होंने कहा कि आज हमारे मदरसे, हिजाब, दाढ़ी, खाना, टोपी और शरीयत खतरे में है। ओवैसी ने कहा कि गैर भाजपा पार्टियों को केवल वोट लेने के लिए ही मुसलमान याद आते हैं।
चुनाव जाते ही वह मुसलमानों को भूल जाते हैं। राजस्थान में भाजपा-कांग्रेस में कबड्डी मैच चल रहा है। अब उनकी पार्टी तीसरी ताकत बनकर जनता के सामने आएगी। सभा में एआइएमआइएम के प्रदेश संयोजक जमील खान, एडवोकेट जावेद खान के अलावा अब्दुल हक,शाहीन सौंलकी, शरीफ चौहान, एडवोकेट वसीम जोड,उमर खोखर सहित अनेक स्थानीय कार्यकतौ मौजूद रहें। आम सभा में एसडीएम दयानंद रूयल, डीएसपी राजेश विद्यार्थी, तहसीलदार आदि मौजूद रहे।