


सभा में सचिन पायलट जिंदाबाद के लगे नारे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि अभी लंपी का प्रकोप चल रहा है। गायें मर रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार इसका टीका नहीं बना सकी है। हालत यह है कि बकरियों का टीका गायों के लगाया जा रहा है। पीएम कह रहे हैं कि टीका बन गया है, लेकिन सच तो यह है कि अभी उसकी टेस्टिंग चल रही है।
सीएम गहलोत मंगलवार को निवाई में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी खेल प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के दौरान यह बात कही।उन्होंने कहा कि जो जिला और प्रदेश की प्रतियोगिताएं जीतेगा उन्हें प्रदेश में संविदा पर नौकरी देने में प्राथमिकता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को निवाई के झिलाई रोड के पास चल रही ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में पहुंचे और खिलाडियों का हौंसला बढ़ाया। उदबोधन खत्म करने के बाद सीएम गहलोत मंच से नीचे उतर कर खिलाडियों और कार्यकर्ताओं से मिलने दर्शक दीर्घा में पहुंचे। जहां शुरुआत में ही उन्हे पायलट समर्थक कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सामना करना पड़ा।
निवाई, टोंक में ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेल गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान मैदान में खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका मैच देखकर उत्साह बढ़ाया। खेलों से गांवों में उत्साह का माहौल बना है। मैदान में हर आयु वर्ग के खिलाड़ी टीम भावना से खेलते हुए दमखम दिखा रहे हैं। pic.twitter.com/IRt0WuDjAH
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) September 13, 2022
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट समर्थकों ने सीएम गहलोत के सामने जमकर सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए। हालांकि सीएम गहलोत कार्यकर्ताओं हाथ हिलाकर आगे बढ़ गए। इस दौरान पायलट समर्थकों को पुलिसकर्मी शांति बनाए रखने की अपील करते नजर आए। उनके खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएम गहलोत ने कहा कि हमें भाजपा और आरआरएस से कोई दुश्मनी नहीं है, लेकिन इनकी विचारधारा पर हमें आपत्ति है। ये दुश्मनी कर रहे हैं। कांग्रेस ने कभी ऐसा नहीं किया। हमने सरकार में रहकर लोकतंत्र की जड़ें मजबूत की हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी के बलिदान को भी याद किया।