



दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गुजरात पुलिस ने सोमवार को अहमदाबाद में ऑटो में बैठने से रोक दिया। पुलिस ने सुरक्षा का हवाला दिया। इस दौरान कुछ देर तक तीखी बहस भी हुई। नाराज केजरीवाल ने कहा कि आप मुझे जबरदस्ती सुरक्षा दे रहे हैं। मुझे नहीं चाहिए ये सुरक्षा।
अहमदाबाद में ऑटो चालक विक्रमभाई दंताणी बड़े प्यार से अपने घर खाने पर लेकर गए, पूरे परिवार से मिलवाया, स्वादिष्ट खाने के साथ बहुत आदर-सत्कार दिया। इस अपार स्नेह के लिए विक्रमभाई और गुजरात के सभी ऑटो चालक भाइयों का ह्रदय से धन्यवाद। pic.twitter.com/SiFCZOizaW
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) September 12, 2022
दिल्ली के सीएम केजरीवाल अपने होटल से एक ऑटो वाले के ऑटो में बैठकर उसके घर डिनर के लिए जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया।इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें केजरीवाल कह रहे हैं, 'इसलिए गुजरात राज्य की जनता दुखी है, क्योंकि नेता जनता के बीच नहीं जाते और हम जनता के बीच जा रहे हैं तो आप हमें रोक रहे हैं। आपके इसी प्रोटोकॉल ने जनता को दुखी करके रखा है।' केजरीवाल बार-बार कह रहे हैं कि उन्हें पुलिस की सुरक्षा की जरूरत नहीं है। हालांकि इसके बाद केजरीवाल को जाने दिया गया
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने सोमवार को अहमदाबाद में ऑटो रिक्शा चालकों की एक सभा को संबोधित किया। इस दौरान एक चालक ने उनसे अपने घर पर रात का खाना खाने का अनुरोध किया, जिसे केजरीवाल ने तुरंत स्वीकार कर लिया। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दोनों की बातचीत का वीडियो भी शेयर किया गया है।
वीडियो में ऑटो चालक दिल्ली के सीएम केजरीवाल को रात के खाने के लिए आमंत्रित करता हुआ दिखाई दे रहा है। उसने कहा- सर मेरा नाम विक्रम दत्तानी है और मैं आपका बहुत बड़ा फैन हूं। मैंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो देखा, जिसमें आप पंजाब में एक ऑटो चालक के घर पर रात का खाना खा रहे हैं। उसने पूछा कि मैं गुजराती हूं क्या आप रात के खाने के लिए मेरे घर भी आएंगे ?'
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने कहा कि जरूर आएंगे। पंजाब के ऑटो वाले के घर गए थे। पंजाब के ऑटो वाले से प्यार करते हैं। गुजरात के ऑटो वाले से भी प्यार करते हैं। उन्होंने चालक से मुस्कुराते हुए पूछा- हमें किस समय आना चाहिए? साथ ही कहा कि एक शर्त पर आएंगे कि आप आज रात मेरे होटल में मुझे अपने ऑटो में लेने आएंगे। मेरे साथ पार्टी के दो सहयोगी गोपाल और इसुदान भी रात के खाने के लिए आएंगे। इसके बाद रात के खाने के लिए 8 बजे का समय तय किया गया।