



मारवाड़ में भाजपा की चुनावी तैयारियों को गति देने के लिए गृह मंत्री अमित शाह करीब 12:15 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एयरपोर्ट से नेताओं और पदाधिकारियों का काफिला रवाना हुआ। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस काफिले में शाह का अलग-अलग जगहों पर स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट से सीधे वे होटल लेक व्यू पहुंचे। यहां ओबीसी मोर्चा की कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बैठक में वे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे। इस बैठक में शाह सहित भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, प्रदेशाध्यक्ष डॉ.सतीश पूनिया, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह, केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, कई पदाधिकारी व नेता मौजूद हैं।

इससे पहले, गृहमंत्री अमित शाह सुबह 9:30 बजे जैसलमेर के तनोट माता मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, सीमा सुरक्षा बल के डीजी पंकज सिंह व अन्य नेता-अधिकारी भी उनके साथ रहे। शाह दो दिवसीय दौरे पर राजस्थान आए हैं।
Union Home Minister & Minister of Cooperation Shri @AmitShah addresses Booth President Sankalp Mahasammelan in Jodhpur, Rajasthan. #पधारो_शाह_राजस्थानhttps://t.co/Qy1AoC54oN
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) September 10, 2022
शाह ने विजय स्तंभ पर 1971 भारत-पाक युद्ध के शहीदों को फूल भेंट कर श्रद्धांजलि भी अर्पित की। वह यहां पर 17.67 करोड़ रुपए से होने वाले विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसके बाद वे एयरफोर्स के विशेष विमान से जोधपुर के लिए रवाना हुए।

केंद्रीय गृहमंत्री दूसरी बार तनोट मंदिर आए हैं। बीएसएफ ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इससे पहले वह दिसंबर 2021 को यहां आए थे तथा रात्रि विश्राम सरहद पर ही किया था। इस बार उन्होंने तनोट मंदिर परिसर में पर्यटन विकास केंद्र की आधारशिला रखी।
जैसलमेर में भारत-पाक सरहद पर बने तनोट माता मंदिर के लिए राज्य सरकार के प्रस्ताव पर पर्यटन मंत्रालय द्वारा 17.67 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। यहां आने वाले टूरिस्ट को बीएसएफ की ओर से डॉक्युमेंट्री के साथ हथियार प्रदर्शनी और फोटो गैलरी आदि लगाई जाएगी।