



पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने कहा कि सामान्य शिक्षा के साथ ही उच्च स्तरीय शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप शिक्षा वर्तमान की सर्वोच्च आवश्यकता है।ऐसे में जोधपुर में सारस्वत शिक्षा विकास संस्थान ट्रस्ट की ओर से आरएएस कोचिंग क्लासेस की शुरुआत का मानस बनाया है।

गुरुवार को सारस्वत शिक्षा विकास संस्थान ट्रस्ट की ओर से निशुल्क आर एस कोचिंग क्लास की शुरुआत कार्यक्रम के पोस्टर विमोचन विमोचन पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभाएं भरी है, आवश्यकता उन्हें तराशना तथा सही मार्गदर्शन देकर प्रोत्साहित करने की है। उन्होंने कहा कि सारस्वत शिक्षा विकास संस्थान ट्रस्ट द्वारा राज्य स्तर की एंट्रेंस टेस्ट के माध्यम से समाज के बच्चों को राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है।
ट्रस्ट के सचिव कैलाश सारस्वत ने बताया कि गुरुवार को समाज के विद्यार्थियों के लिए कोचिंग व्यवस्था कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया। पावर हाउस रोड स्थित निजी शिक्षण संस्थान परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पूर्व महापौर घनश्याम ओझा, दीक्षा क्लासेस प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर अभिनव वार्ष्णेय,जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के साइकोलॉजी विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. एके मलिक,सारस्वत समाज के अध्यक्ष आरके ओझा,जेएनवीयू विधि संकाय के पूर्व अधिष्ठाता डॉ. रामनिवास शर्मा,कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज सारस्वत उपस्थित रहे।
मिशन आरएएस के तहत सारस्वत शिक्षा विकास संस्थान ट्रस्ट तथा दीक्षा क्लासेज के संयुक्त तत्वावधान में समाज के छात्र छात्राओं को राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए उच्च स्तरीय कोचिंग व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी।