



बालोतरा। कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को बाड़मेर और बालोतरा जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बालोतरा जिले के धोरीमन्ना क्षेत्र की ग्राम पंचायत अणदाणियों की ढाणी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्वर्गीय गोरधन राम कड़वासरा की मूर्ति का अनावरण किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीण और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सचिन पायलट का कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
मूर्ति अनावरण के बाद सचिन पायलट ने सभा को संबोधित करते हुए स्व. गोरधन राम कड़वासरा के सामाजिक और जनहित से जुड़े कार्यों को याद किया। उन्होंने उनके सार्वजनिक जीवन और समाज के प्रति योगदान को नमन करते हुए कहा कि ऐसे व्यक्तित्वों की स्मृति आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी, मध्यप्रदेश प्रभारी एवं विधायक हरीश चौधरी, सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल, विधायक रतन देवासी, समरजीत सिंह, अभिमन्यु पूनिया, पूर्व विधायक रूपाराम मेघवाल, पदमाराम मेघवाल और मदन प्रजापत मौजूद रहे।
इसके अलावा बाड़मेर कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मण चौधरी, बालोतरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियंका मेघवाल, पूर्व मंत्री सुखराम विश्नोई, कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा सहित कई अन्य नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम में निवर्तमान प्रधान धोरीमन्ना और स्व. गोरधन राम कड़वासरा की पुत्रवधू इंदु बाला विश्नोई भी मौजूद रहीं। बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
सचिन पायलट के बाड़मेर और बालोतरा दौरे के दौरान कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक मंच पर मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बढ़ाई। हालांकि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्व. गोरधन राम कड़वासरा की स्मृति में मूर्ति अनावरण और उनके सामाजिक योगदान को याद करना रहा।