Monday, 17 August 2026

राजस्थान विधानसभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से, 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक


राजस्थान विधानसभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से, 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में होगी सातवीं सर्वदलीय बैठक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित सभी दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रण

जयपुर। सोलहवीं राजस्थान विधानसभा का षष्ठम सत्र गुरुवार, 20 अगस्त से शुरू होगा। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार, 18 अगस्त को सुबह 11 बजे विधानसभा में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। देवनानी की अध्यक्षता में यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से चलाने में सर्वदलीय बैठक अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने और सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ऐसी बैठकें महत्वपूर्ण होती हैं।

सभी दलों के नेताओं को किया गया आमंत्रित

स्पीकर वासुदेव देवनानी ने बताया कि सर्वदलीय बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान को आमंत्रित किया गया है।इसके साथ ही विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावर चन्द को भी बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया गया है।

सदन की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी

विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का पवित्र स्थल है और इसकी गरिमा बनाए रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। इससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की भागीदारी सुनिश्चित होती है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मार्ग प्रशस्त होता है।

शांतिपूर्ण सत्र के लिए सहमति बनाने का प्रयास

देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक का उद्देश्य विधानसभा सत्र को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए सभी दलों के बीच सहमति बनाना है। उनके अनुसार बैठक के जरिए यह प्रयास किया जाता है कि सदन में जनमहत्व के विषयों पर प्रभावी चर्चा हो और संसदीय परंपराओं के अनुरूप कार्यवाही संचालित की जा सके।

आपसी संवाद और सहयोग को मिलता है बल

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सर्वदलीय बैठकों की परंपरा लोकतांत्रिक संवाद और संसदीय समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम रही है। उन्होंने कहा कि इन बैठकों से सभी दलों के बीच आपसी संवाद, विश्वास और सहयोग की भावना को बल मिलता है। इससे विधानसभा जनअपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख भूमिका निभाने में सक्षम होती है।

देवनानी ने विश्वास जताया कि आगामी सर्वदलीय बैठक षष्ठम सत्र को अधिक सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और जनहित के प्रति समर्पित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Previous
Next

Related Posts