Friday, 31 July 2026

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत


दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अलवर। जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा बुर्जा गांव के पास एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 86/100 पर रात करीब एक बजे हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एनएचएआई की एम्बुलेंस से पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एम्बुलेंस और राहत टीम मौके पर पहुंची। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर बड़ौदामेव थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और वाहन की टक्कर किससे हुई, इसकी जांच की जा रही है।

मृतकों में 20 वर्षीय युवक और उसकी बहन

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान आंसू सिंह (20) पुत्र कमल सिंह, उसकी बहन सलोनी सिंह (18) पुत्री कमल सिंह और विकास कुमार (31) पुत्र अब्बल सिंह के रूप में हुई है।

आंसू और सलोनी जयपुर जिले के टीगरिया गांव के मूल निवासी थे और वर्तमान में सांगानेर क्षेत्र में रह रहे थे। वाहन चला रहा विकास कुमार उत्तर प्रदेश के नगला साकित का निवासी बताया गया है।

परिजनों को दी गई सूचना

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना देकर शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों, वाहन की स्थिति और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।



    Previous
    Next

    Related Posts