



जयपुर। राजस्थान सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ा भर्ती अभियान शुरू किया है। स्वायत्त शासन विभाग ने राज्य के 183 नगर निगमों, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं में 24,752 संविदा सफाई कर्मचारियों की सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। ये सभी पद पूर्ण रूप से संविदा आधारित होंगे और भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के संशोधित प्रावधानों के तहत की जाएगी।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अगस्त 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 28 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन स्वायत्त शासन विभाग की वेबसाइट अथवा राजस्थान एसएसओ पोर्टल के रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। अभ्यर्थी ई-मित्र या जनसुविधा केंद्र से भी आवेदन पत्र भरवा सकते हैं।
आवेदक की आयु की गणना 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर की जाएगी। इस तारीख को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाओं, दिव्यांगजन और अन्य विशेष श्रेणियों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
सफाई कर्मचारी पद के लिए कोई न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि, आवेदक का राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी के पास राजस्थान के किसी नगरीय निकाय में कम से कम एक वर्ष तक सफाई कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव होना अनिवार्य है।
संवेदक या अधिकृत संस्था के माध्यम से काम करने वाले अभ्यर्थियों का अनुभव प्रमाणपत्र संबंधित नगरीय निकाय के सक्षम अधिकारी से सत्यापित होना चाहिए। अनुभव प्रमाणपत्र 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तारीख से पहले जारी किया हुआ होना आवश्यक है। इससे पहले जारी प्रमाणपत्र मान्य नहीं होगा।
प्रत्येक अभ्यर्थी अपनी पसंद के केवल एक नगरीय निकाय के लिए आवेदन कर सकेगा। एक से अधिक निकायों के लिए आवेदन करने पर अभ्यर्थी के सभी आवेदन निरस्त किए जा सकते हैं। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन से पहले संबंधित निकाय के पदों और अपने अनुभव की स्थिति का सावधानीपूर्वक परीक्षण करना होगा।
भर्ती में कोई लिखित परीक्षा या इंटरव्यू आयोजित नहीं किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों का चयन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से श्रेणीवार लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा।
सबसे पहले उस नगरीय निकाय में एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित निकाय की लॉटरी में शामिल किया जाएगा। पद खाली रहने पर उसी जिले के दूसरे निकायों में काम का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों और इसके बाद प्रदेश के अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को अवसर दिया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को श्रम विभाग की 13 दिसंबर 2024 की अधिसूचना के अनुसार ₹7,410 प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति से पहले अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य, चरित्र और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की जाएगी। फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र या गलत जानकारी मिलने पर आवेदन निरस्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
भर्ती के लिए अलग से आवेदन शुल्क के बजाय राजस्थान सरकार की वन टाइम रजिस्ट्रेशन व्यवस्था के तहत शुल्क देय होगा। सामान्य एवं अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹600, जबकि आरक्षित वर्ग और दिव्यांगजन के लिए ₹400 एकबारीय पंजीयन शुल्क निर्धारित है। पहले से वन टाइम रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करा चुके अभ्यर्थियों को दोबारा शुल्क नहीं देना होगा।
निकायवार पदों में जयपुर में सबसे अधिक 4,811 पद रखे गए हैं। इसके अलावा बीकानेर में 1,084, जोधपुर में 890, सीकर में 480, भरतपुर में 450, अलवर में 426, उदयपुर में 300 और अजमेर में 290 पदों पर भर्ती होगी। कुल पदों में 24,277 पद गैर-अनुसूचित क्षेत्र और 475 पद अनुसूचित क्षेत्र के नगरीय निकायों के लिए हैं।
भर्ती में आरक्षण राज्य सरकार के प्रचलित नियमों और निकायवार जारी श्रेणी वर्गीकरण के अनुसार लागू होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन से पहले विस्तृत विज्ञापन, निकायवार पदों की संख्या, अनुभव प्रमाणपत्र का प्रारूप और अपनी पात्रता की सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ लें।