



डेगाना। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को रात्रि चौपाल के बाद डेगाना क्षेत्र के तिलानेश गांव स्थित शहीद ग्रेनेडियर मोडाराम खटकड़ के आवास पर पहुंचकर उनके परिजनों के साथ भोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद की वीरांगना और परिवार के अन्य सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने परिवार के साथ समय बिताते हुए उनकी परिस्थितियों, आवश्यकताओं और भावनाओं को समझा। उन्होंने शहीद परिवार के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि देश और प्रदेश अपने वीर जवानों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता।
शहीद के आवास पर जाने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गांव में स्थापित ग्रेनेडियर मोडाराम खटकड़ की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीद की वीरता और देशसेवा को स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीदों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों और उनके परिवारों का सम्मान सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम तिलानेश गांव में ही निर्धारित है। ग्रामीण क्षेत्र में रात्रि प्रवास के माध्यम से वे स्थानीय लोगों के जीवन, समस्याओं और आवश्यकताओं को नजदीक से समझेंगे।
शनिवार सुबह मुख्यमंत्री गांव का भ्रमण करेंगे और ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान वे लोगों की समस्याएं, सुझाव और विकास से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी लेंगे।
गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय आधारभूत सुविधाओं, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और अन्य जनसमस्याओं के बारे में ग्रामीणों से चर्चा करेंगे।
रात्रि चौपाल और गांव में प्रवास का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देना है
